अहमदाबाद

Ahmedabad: साबरमती रिवरफ्रंट पर दर्दनाक हादसा, स्ट्रीट लाइट से टकराया स्कूटर, भाई-बहन की मौत

-नाबालिग चला रहा था वाहन, पीछे बैठी थी छोटी बहन, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ हादसा, परिवार पर टूटा दुख का पहाड़, एम डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने शुरू की जांच
2 min read
Accident
साबरमती रिवरफ्रंट पर स्ट्रीट लाइट के खंबे से टकराया था यह स्कूटर।

Ahmedabad. शहर के साबरमती रिवरफ्रंट पर सोमवार दोपहर को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटर सवार भाई-बहन की मौत हो गई। स्कूटर अचानक फिसलकर अनियंत्रित हो गया और स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा टकराया। हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 14 वर्षीय बहन ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान काव्य मेहता (17) और उसकी बहन जैना मेहता (14) के रूप में हुई है। दोनों पालडी स्थित शांतिवन क्षेत्र के निवासी थे।शहर की एम डिवीजन ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक यू.बी. धाखड़ा ने मीडिया को बताया कि हादसा सोमवार दोपहर करीब 12.39 बजे साबरमती रिवरफ्रंट पर हुई। रिवरफ्रंट पश्चिम से 50 मीटर दक्षिण दिशा में एनआइडी की ओर एक स्कूटर अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गया और स्ट्रीट लाइट के खंभे से जाकर टकरा गया। इस घटना में स्कूटर चालक की बुरी तरह से जख्मी होने के चलते मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी एक बच्ची भी बुरी तरह से जख्मी हो गई थी। उसे उपचार के लिए तत्काल एसवीपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान कुछ समय बाद उसने भी दम तोड़ दिया।

भाई चला रहा था स्कूटर

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, काव्य स्कूटर चला रहा था और जैना पीछे बैठी थी। दोनों नवरंगपुरा से रिवरफ्रंट होते हुए एनआइडी की ओर जा रहे थे। इस हादसे में काव्य गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जैना को तत्काल एसवीपी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। वाहन हादसे की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटर चला रहा काव्य नाबालिग था। एम डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। एक ही हादसे में बेटे और बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बारिश के माहौल के बीच सोमवार को हुए इस दर्दनाक हादसे के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। इसमें दुपहिया वाहन चालक अचानक से सड़क पर फिसलते हुए और फिर स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराते हुए दिखाई दे रहा है। सड़क से गुजर रहे वाहन चालक वाहन रोकते हैं और पुलिस व एंबुलेंस को इसकी सूचना देते हैं। जिस पर मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने जांच शुरू की है।

Updated on:
27 Jul 2026 10:23 pm
Published on:
27 Jul 2026 10:23 pm