
अहमदाबाद, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात में विभिन्न रेलवे परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं का लोकार्पण, उद्घाटन एवं शुभारंभ किया। उन्होंने कच्छ के शिवलखा से भारत की पहली सॉल्ट कंटेनर ट्रेन को देवभूमि द्वारका जिले के मीठापुर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रेल मंत्री ने कहा कि गुजरात एवं विशेष रूप से कच्छ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नमक का उत्पादन होता है। चुनौतियों के समाधान के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए स्टेनलेस स्टील सॉल्ट कंटेनर विकसित किए गए हैं। इन कंटेनरों में ऊपर से लोडिंग तथा साइड से अनलोडिंग की सुविधा है। कंटेनर को टिल्ट करने पर नमक आसानी से बाहर निकाला जा सकता है।
वैष्णव ने कहा कि वर्तमान में देशभर में 150 से अधिक गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल कार्यरत हैं। कार्यक्रम में गुजरात में 5 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनलों को राष्ट्र को समर्पित किया गया।
भीमासर स्थित गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल में लगभग 75 करोड़ का कुल निवेश किया गया है, जिसमें लगभग 24.21 करोड़ का रेलवे परियोजना घटक शामिल है। यह टर्मिनल कंटेनर एवं सामान्य माल की हैंडलिंग के लिए विकसित किया गया है।
देवलिया स्थित गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल में लगभग 65 करोड़ रुपए का कुल निवेश है, जिसमें लगभग 16.28 करोड़ रुपए का रेलवे परियोजना घटक शामिल है। यहां कंटेनर एवं सामान्य माल की हैंडलिंग की जाएगी।
चंडीसर स्थित गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल में लगभग 75 करोड़ रुपए का कुल निवेश है, जिसमें लगभग 14 करोड़ रुपए का रेलवे परियोजना घटक शामिल है। यह कंटेनर ट्रैफिक के लिए विकसित किया गया है।
शिवलखा स्थित गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल में कुल लागत लगभग 200 करोड़ रुपए है, जबकि रेलवे परियोजना लागत लगभग 12.97 करोड़ रुपए है। यहां कंटेनर ट्रैफिक के साथ रेलवे वैगन निर्माण एवं संबंधित लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है। इनमें करीब 5 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
लिंच में गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल के विकास से क्षेत्र में माल हैंडलिंग क्षमता में वृद्धि, आधुनिक लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का विस्तार तथा उद्योगों एवं व्यवसायों को रेल के माध्यम से माल परिवहन के अधिक प्रभावी विकल्प उपलब्ध होंगे।
वर्तमान में कच्छ जिले में लगभग 5,600 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न रेलवे एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें सामख्याली, भुज, भचाऊ, भीलड़ी एवं गांधीधाम जैसे प्रमुख स्टेशनों एवं क्षेत्रों से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।
रेल मंत्री द्वारा ट्रेन नं. 22829/22830 भुज-शालीमार-भुज एक्सप्रेस के अंजार स्टेशन पर ठहराव का शुभारंभ किया गया।
गुजरात के उच्च शिक्षा राज्यमंत्री त्रिकम छांगा, गांधीधाम की महापौर दिव्या नाथानी, सांसद विनोद चावड़ा तथा विधायक मालती महेश्वरी की उपस्थिति में गोपालपुर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन भी किया गया।