अहमदाबाद

गोधरा : 76.80 लाख का संदिग्ध एम्बरग्रीस जब्त, एक को पकड़ा

Feature image

पंचमहाल जिले में बामरौली चौकड़ी के पास कार्रवाई, एसओजी ने वन विभाग को सौंपा

गोधरा. पंचमहाल जिले में गोधरा के पास जिला पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने व्हेल मछली की उल्टी के रूप में जानी जाने वाले 76.80 लाख रुपए के संदिग्ध एम्बरग्रीस के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, एसओजी के पुलिस उप निरीक्षक बी.के. गोहिल और टीम ने गोधरा तहसील पुलिस स्टेशन क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर बामरौली चौकड़ी के पास निगरानी शुरू की।
इसी दौरान एक स्कूटर को रोका। चालक ने पूछताछ के दौरान अपना नाम सुरेश बारिया बताया। स्कूटर की डिक्की की तलाशी लेने पर प्लास्टिक की थैली के अंदर एक अन्य थैली में रखा ठोस रूप में संदिग्ध एम्बरग्रीस मिला।

वडोदरा से लाया

कुल 768 ग्राम संदिग्ध एम्बरग्रीस जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 76.80 लाख रुपए बताई गई। प्रारंभिक पूछताछ में सुरेश ने बताया कि वह यह एम्बरग्रीस वडोदरा से लाया था और इसकी ऊंची कीमत होने के कारण इसे बेचकर कमीशन कमाने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।
सूचना मिलने पर एफएसएल अधिकारी और गोधरा के रेंज के वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्राथमिक परीक्षण किया। पकड़े गए सुरेख और जब्त किया गया एम्बरग्रीस, स्कूटर, मोबाइल सहित कुल 77.43 लाख रुपए का मुद्दामाल वन विभाग को सौंप दिया गया।

Updated on:
10 Mar 2026 10:11 pm
Published on:
10 Mar 2026 10:11 pm