
अवैध यूरिया खाद के साथ दो लोगों को पकड़ा।
गोधरा. पंचमहाल जिला पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने वेजलपुर इलाके में अवैध यूरिया खाद के साथ मध्य प्रदेश के दो लोगों को पकड़ा। इनमें मध्य प्रदेश के धार जिले की टांडा तहसील के पीपलवा गांव निवासी विकास बांडडिया और मुकेश बांडडिया शामिल हैं। इनके कब्जे से अवैध यूरिया खाद की 152 बोरियों सहित 9.40 लाख रुपए का मुद्दामाल जब्त किया गया।
पंचमहाल जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के तहत एसओजी द्वारा जिले में आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और अवैध परिवहन को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मुखबिर की सूचना पर, कालोल के कृषि अधिकारी को साथ लेकर वेजलपुर पुलिस स्टेशन इलाके में छापेमारी की गई।
इस दौरान वडोदरा जिले की सावली तहसील के धनतेज स्थित 'ठाकोर बापा कृषि सेवा मंडल' से अनधिकृत रूप से प्राप्त सब्सिडी वाले नीम कोटेड यूरिया खाद का जत्था पकड़ा गया। टीम ने मौके से अवैध रूप से खाद का परिवहन कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान टीम ने बिना किसी वैध दस्तावेज के ले जाई जा रही 40 हजार रुपए से अधिक की सब्सिडी वाले नीम कोटेड यूरिया खाद की 152 बोरियां जब्त कीं। इसके साथ ही खाद के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहन सहित कुल 9.40 लाख रुपए से अधिक का मुद्दामाल जब्त किया गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों और खाद की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति के खिलाफ वेजलपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर किया गया।
जामनगर. शहर के प्रताप विलास पैलेस रोड पर मौजूद जाम धर्मादा ट्रस्ट में वित्तीय गड़बड़ियों का मामला सामने आया है। ट्रस्ट में अकाउंटेंट के तौर पर काम कर रहे आनंद परमार के खिलाफ 18.30 लाख रुपए की धोखाधड़ी और भरोसा तोड़ने की शिकायत जाम साहब के निजी सहायक नरेंद्रसिंह जाडेजा ने पुलिस में दर्ज कराई।
शिकायत के मुताबिक, आनंद परमार 7 साल से ट्रस्ट में अकाउंटेंट का काम संभाल रहे थे। कर्मचारियों के वेतन बिल बनाने के अलावा, वे बैंक से जुड़े लेन-देन के लिए भी जिम्मेदार थे। आरोप है कि 2023 से फरवरी 2026 तक आरोपी ने वेतन बिल से ज़्यादा रकम ट्रस्ट के बैंक अकाउंट के चेक और जाम साहब के निजी बैंक खाते में जमा की थी। शिकायत के मुताबिक, जाम साहब की जानकारी के बिना रकम बदल दी गई और उनके हस्ताक्षर ले लिए गए।
शिकायत के मुताबिक, इस तरह आरोपी ने अपने बैंक खाते में 7.50 लाख रुपए और पत्नी एकता परमार के बैंक खाते में 10.80 लाख रुपए ट्रांसफर किए। इस तरह, आरोप है कि कुल 18.30 लाख रुपए का इस्तेमाल निजी कामों के लिए किया गया।
बैंक स्टेटमेंट के सत्यापन के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद, जाम साहब ने आरोपी से रकम वापस मांगी। आरोपी के रकम वापस करने का भरोसा देने के बावजूद, अब तक रकम वापस न करने पर आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत में कहा गया है कि जाम साहब की खराब सेहत के कारण, उन्होंने अपने निजी सहायक नरेंद्रसिंह जाडेजा को उनकी ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज करने के लिए लिखित इजाज़त दी थी। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है।
Updated on:
27 Jul 2026 11:11 pm
Published on:
27 Jul 2026 11:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
