
Gujarat Heavy Rain Alert: अहमदाबाद। दक्षिण गुजरात में मानसून की हुई बारिश के कारण चारों ओर पानी ही पानी हो गया। भारी बारिश की वजह से गुजरात के कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। निचले इलाकों में जलभराव से हालात बिगड़ने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 11.26 इंच बारिश वलसाड जिले की उमरगाम तहसील में दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुजरात के लिए अगले छह दिनों का विस्तृत बारिश पूर्वानुमान जारी करते हुए कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
नवसारी जिले में लगातार बारिश के कारण पूर्णा नदी का जलस्तर 24 फीट तक पहुंच गया, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। कावेरी नदी का जलस्तर 27 फीट तक पहुंच गया है, जो इसके 19 फीट के खतरे के निशान से ऊपर है।
नवसारी में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। करीब 218 अंदरूनी सड़कें बंद कर दी गई हैं और लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है। मंत्री नरेश पटेल ने लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है। मंत्री नरेश पटेल ने कहा कि नवसारी में स्थिति कल से भी अधिक कठिन हो सकती है। डांग जिले के वाघई में 14 इंच से अधिक बारिश हुई है। कल रात 10 बजे से वंसदा में 15 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
वहीं, सूरत में स्थित दोसवाड़ा बांध के ओवरफ्लो होने से मिंधोला नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बारडोली शहर में सिविल कोर्ट इलाके के पास 50 से ज्यादा घर पानी में डूब गए हैं। एहतियात के तौर पर, बारडोली प्रशासन ने प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दक्षिण गुजरात के सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, दमण तथा दादरा एवं नगर हवेली में कहीं-कहीं भारी से अति भारी तथा अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं भरूच, नर्मदा, तापी, महिसागर, छोटा उदेपुर, अरवल्ली, पंचमहाल और दाहोद में भी बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
शुक्रवार को पंचमहाल, दाहोद और महीसागर जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। जबकि वलसाड, नवसारी, तापी, डांग, नर्मदा, खेड़ा, गांधीनगर और साबरकांठा सहित कई जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसी तरह से अगले दिनों में भी हल्की से लेकर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
डांग जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे कई बड़ी नदियों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अंबिका नदी पर मौजूद गिरा वॉटरफॉल में पानी का तेज बहाव देखा जा रहा है। प्रशासन ने पर्यटकों के लिए वॉटरफॉल तक जाने पर रोक लगा दी है और एहतियात के तौर पर लोगों से नदियों, झरनों और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।