
Ahmedabad. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फर्जी कंपनी का विज्ञापन देखकर वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने उसे कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाकर कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के ऑर्डर लेने पर 20 फीसदी मुनाफे का लालच देकर 2.53 करोड़ रुपए ठग लिए। साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, गांधीनगर ने इस मामले में अमरेली जिले के सावरकुंडला से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों में किशन सावलिया (30) और हाजा राठौड़ (32) शामिल हैं। किशन अकाउंट धारक है, जबकि हाजा उपयोग में ली गई बैंक अकाउंट की जानकारी लेकर सह आरोपियों को देते होने की बात सामने आई है।
आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर मायर होल्डिंग लिमिटेड के नाम से विज्ञापन दिखाकर पीड़ित को शॉपमायरआइएनआर वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया। इस कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाकर स्टोर खुलवाया, अलग-अलग उत्पादों कपड़े, फर्नीचर, इलेक्टि्रक व इलेक्ट्रॉनिक का एड करने को कहा। इन उत्पादों की कीमत की 80 फीसदी रकम शिकायतकर्ता से जमा कराई। बिक्री होने पर 20 फीसदी मुनाफा डॉलर में उसके वॉलेट में जमा होते दिखाए गए। कुछ समय बाद कंपनी ने उसे बल्क में ऑर्डर दिए, जो उठाया नहीं तो 48 घंटे में शिकायतकर्ता का अकाउंट फ्रीज कर दिया गया। शिकायतकर्ता से कहा कि कंपनी को टेकओवर किया गया है, जिससे अकाउंट फ्रीज हुआ है। फिर अलग वेबसाइट, कंपनी से संपर्क करके अकाउंट अनफ्रीज करने, वॉलेट से भुगतान निकालने, क्रेडिट स्कोर रिपेयर करने और वॉलेट में जमा 2,50,000 डॉलर से अधिक रकम को डॉलर से रुपए में बदलने, स्टोर बंद करने के नाम पर अलग-अलग शुल्क मांगते हुए 2.59 करोड़ रुपए ऑनलाइन ठग लिए।
जांच में आरोपियों से जुड़े बैंक खातों में 25 लाख रुपए से अधिक के वित्तीय लेन-देन का पता चला। इन बैंक खातों के खिलाफ एनसीसीआरपी पोर्टल पर 34 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज मिलीं हैं। इनमें महाराष्ट्र -तेलंगाना की 7-7, कर्नाटक की 5, पश्चिम बंगाल की 2, केरल, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, आंध्रप्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु की 1-1 शिकायतें शामिल हैं। 13 राज्यों में 11 एफआइआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक चेकबुक बरामद की है।