अहमदाबाद

गुजरात: पत्नी को परेशान करता था बड़ा भाई, इसलिए शख्स ने करवा दी हत्या! 20000 रुपये में रची खौफनाक साजिश

Gujarat Crime News: पुलिस के मुताबिक, छोटे भाई ने 20 हजार रुपये की सुपारी देकर बड़े भाई की हत्या कराई। महाराष्ट्र के धड़गांव से दो आरोपी गिरफ्तार किये गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 5:43 PM IST
Gujarat crime
सगे भाई ने ही दी थी 20 हजार की सुपारी, गुजरात से हैरान करने वाला मामला (Photo: IANS/File)

Maharashtra Crime News: गुजरात के तापी जिले के सदगव्हाण इलाके में मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के तलोदा से महज पांच किमी दूर हुए इस हत्याकांड के पीछे कोई और नहीं, बल्कि मृतक का सगा छोटा भाई ही था। पुलिस जांच में सामने आया है कि छोटे भाई ने ही अपने बड़े भाई उखड्या वसावे की हत्या कराने के लिए 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी। इस मामले में गुजरात पुलिस ने मृतक के छोटे भाई और उसके साढ़ू को महाराष्ट्र के धड़गांव से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक उखड्या वसावे के छोटे भाई मानसिंग की पत्नी को पिछले छह महीनों से पीड़ित कथित तौर पर परेशान कर रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होते थे। इसी रंजिश के चलते मानसिंग ने अपने साढ़ू जयराम के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या की साजिश रची। इसके लिए उसने 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी।

पत्नी से मिलाने के बहाने ले गया, सुनसान जगह पर गला घोंटा

तापी जिला पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की शाम जयराम ने उखड्या वसावे को बताया कि उनकी पत्नी कपास चुनने के लिए तुलाजा गांव गई हुई है। पत्नी से मिलाने का बहाना बनाकर वह उन्हें बिना नंबर प्लेट वाली यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों सदगव्हाण गांव के एक मंदिर के करीब जब सुनसान जगह पर पहुंचे। यहीं जयराम ने साड़ी से गला घोंटकर उखड्या वसावे की हत्या कर दी। इसके बाद मृतक की पहचान छिपाने के इरादे से ईंट के टुकड़े और पत्थर से उनके चेहरे पर वार किया। गंभीर जख्मी उखड्या की मौके पर मौत हो गई।

17 नवंबर को मिला था शव, पुलिस के सामने थी पहचान की चुनौती

17 नवंबर को सदगव्हाण गांव में शव मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना और हत्यारों तक पहुंचना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तापी जिले की स्थानीय अपराध शाखा और कुकरमुंडा पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।

पुलिस ने खुफिया जानकारी, तकनीकी जांच और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर अलग-अलग टीमें गठित कीं। जांच के दौरान मृतक की पहचान उखड्या वसावे के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस का शक उनके छोटे भाई मानसिंग पर गया।

महाराष्ट्र के धड़गांव से दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने महाराष्ट्र के धड़गांव तालुका में दबिश देते हुए मृतक के छोटे भाई मानसिंग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस ने धड़गांव तालुका के कुवरखेत गांव से जयराम को भी दबोच लिया। तापी जिला पुलिस ने आरोपियों के पास से एक यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Updated on:
23 Nov 2026, 5:43 PM IST
Published on: