
IMD Heavy Rain Alert: मानसून सीजन के दौरान 70 फीसदी कमी वाले कच्छ जिले पर मंगलवार को मेघ जमकर मेहरबान हुए। सुबह से शाम के बीच जिले की लगभग सभी तहसीलों में बारिश हुई। मांडवी तहसील में 6.97 इंच यानी करीब सात इंच बारिश दर्ज की गई। इसमें सुबह 8 से 10 बजे के बीच ही 5 इंच पानी बरस गया। कच्छ के अब तक अपेक्षाकृत सूखे रहे इलाकों में एक साथ हुई इस बारिश से जिले के बारिश के आंकड़े में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
राज्य में मंगलवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कुल 95 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई। कच्छ की मांडवी तहसील के अलावा अबडासा तहसील में 2.13 इंच, मुंद्रा में 1.57 इंच, नखत्राणा में 1.30 इंच, भुज में 1.26 इंच, लखपत में भी एक इंच के करीब बारिश हो गई। गांधीधाम और अंजार में भी आधा इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। कच्छ के अलावा देवभूमि द्वारका के जिले की खंभालिया और ओखा के साथ-साथ भावनगर की सिहोर, खेड़ा की नडियाद, सूरत शहर और अन्य कई तहसीलों में भी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में अधिकांश स्थानों पर बारिश हुई। राज्य के 14 तालुकाओं में 4 इंच से ज्यादा और 26 तालुकाओं में 3 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज हुई। अहमदाबाद में 52 दिन बाद हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ और कई अंडरपास 5 से 6 घंटे तक यातायात के लिए बंद रहे।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से लगे कच्छ और पाकिस्तान के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला है। इसी मौसमी सिस्टम और मानसूनी ट्रफ के प्रभाव से बुधवार तक कच्छ में भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। द्वारका में भी बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पोरबंदर, जूनागढ़ और गिर सोमनाथ में भारी बारिश का अनुमान है। राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।