
ट्रक से जब्त शराब।
शामलाजी. स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने अरवल्ली जिले में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बायड के पास ट्रक से करीब 10.58 लाख रुपउ की शराब जब्त की। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, एसएमसी की टीम को सूचना मिली थी कि राजस्थान सीमा के पास खजूरी स्थित शराब के ठेके से जुड़े ‘पंडितजी’ नामक व्यक्ति और अहमदाबाद के अभेसिंह जाडेजा द्वारा कथित तौर पर पायलटिंग के साथ अलग-अलग वाहनों के जरिए गुजरात में शराब पहुंचाई जा रही है।
सूचना के अनुसार, शराब से भरी ट्रक शामलाजी, टिंटोई, मोडासा और धनसुरा होते हुए बायड की ओर जा रही थी। सूचना के आधार पर टीम ने बायड थाना क्षेत्र में वात्रक के पास नाकाबंदी कर धनसुरा की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध ट्रक वहां पहुंची। टीम ने निजी वाहन से रास्ता रोकने का प्रयास किया तो चालक ने यू-टर्न लेकर ट्रक को भगाने की कोशिश की। बाद में टीम ने ट्रक को रोक लिया।
टीम ने पंचमहाल जिले की गोधरा तहसील के मोटी कोटडी निवासी ट्रक चालक अनंत पटेल को पकड़ा। उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, शराब से भरी ट्रक की पायलटिंग कर रहे अहमदाबाद निवासी अभेसिंह जाडेजा और उसके साथी भी ट्रक पकड़े जाने के बाद फरार हो गए।
तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी करीब 10.58 लाख रुपए की शराब, मोबाइल और ट्रक सहित कुल 20.69 लाख रुपए से अधिक का मुद्दामाल जब्त किया गया। एसएमसी के पुलिसकर्मी समीर इकबाल खान की शिकायत के आधार पर अनंत पटेल, वाहन में मौजूद अज्ञात व्यक्ति, अहमदाबाद के अभेसिंह जाडेजा, राजस्थान के खजूरी ठेके से जुड़े पंडितजी, खेड़ा जिले के चकलासी क्षेत्र के अज्ञात बुटलेगर सहित शराब की कथित तस्करी में शामिल अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट के तहत बायड पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
Updated on:
14 Sept 2026 10:53 pm
Published on:
14 Sept 2026 10:53 pm
