अहमदाबाद

जगदीश विश्वकर्मा होंगे गुजरात भाजपा के नए अध्यक्ष

-अहमदाबाद के निकोल सीट से हैं विधायक, विजय मुहूर्त में भरा नामांकन -पत्र, किसी अन्य नेता ने नहीं भरा पर्चा, होगा निर्विरोध चयन, भूपेंद्र सरकार में फिलहाल मंत्री

2 min read

Ahmedabad. गुजरात सरकार में सहकारिता राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा (52) प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे। वे निकोल से विधायक हैं। शुक्रवार को विजय मुहूर्त में गांधीनगर स्थित प्रदेश मुख्यालय कमलम् में पहुंचकर उन्होंने नामांकन पत्र भरा। इस पद के लिए किसी अन्य नेता ने नामांकन पत्र नहीं भरा।

ऐसे में आगामी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के पद पर जगदीश विश्वकर्मा का निर्विरोध चयन होगा। इसकी आधिकारिक घोषणा शनिवार सुबह की जाएगी। इसके बाद वे शनिवार को पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। इस तरह विश्वकर्मा वर्तमान अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल की जगह लेंगे। इससे पहले जुलाई 2020 में पाटिल को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनका 3 साल का कार्यकाल 2023 में खत्म हो गया था लेकिन वे अतिरिक्त 2 साल यानी 5 साल से ज्यादा समय तक इस पद पर कार्यरत रहे।

पार्टी का ओबीसी चेहरा

विश्वकर्मा के रूप में गुजरात भाजपा ने संगठन में ओबीसी चेहरे को प्रतिनिधित्व दिया है। उनकी छवि स्वच्छ और गैर विवादास्पद मानी जाती है। 2027 के विधानसभा चुनाव में उनका ओबीसी चेहरा पार्टी के काम आ सकता है। राज्य में ओबीसी की संख्या करीब 49 फीसदी है। उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है।

बूथ प्रभारी से शुरू हुआ राजनीतिक सफर

12 अगस्त 1973 को अहमदाबाद में जन्मे विश्वकर्मा ने वर्ष 1998 में शहर के ठक्कर बापानगर के बूथ प्रभारी के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। 2013 में गुजरात भाजपा के उद्योग सेल के संयोजक रहे। इसके बाद उन्हें अहमदाबाद भाजपा के शहर प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में अहमदाबाद की निकोल सीट से वे पहली बार विधायक चुने गए। इसके बाद वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में दूसरी बार और गत विधानसभा चुनाव में तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की सरकार में वे अभी सहकारिता, लघु एवं मध्यम उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। विश्वकर्मा अहमदाबाद शहर अध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। इसके बाद अब वे प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालेंगे।

4 अक्टूबर को होगी आधिकारिक घोषणा

चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को नए प्रदेश अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इससे पहले शुक्रवार सुबह अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ विश्वकर्मा ने नामांकन भरा। अब पार्टी की ओर से चुनाव प्रक्रिया जारी होने का हवाला देते हुए शनिवार सुबह परिणाम घोषित करने की बात कही गई है। प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष पद की आधिकारिक घोषणा और पदग्रहण समारोह में शनिवार सुबह पार्टी के केन्द्रीय चुनाव प्रभारी डॉ के लक्ष्मण, प्रदेश भाजपा प्रभारी सह केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री व मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर उपस्थित रहेंगे।

Published on:
03 Oct 2025 10:48 pm
Also Read
View All

अगली खबर