
Ahmedabad news: महानगरपालिका (मनपा) आगामी एक अगस्त से विवाह पंजीकरण के लिए नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने जा रही है। नए पोर्टल के माध्यम से आवेदन, दस्तावेज अपलोड करने और उनकी प्रारंभिक जांच सहित अधिकांश प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी होगी। इसके बाद निर्धारित स्लॉट के अनुसार पति-पत्नी और गवाहों को मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन कराना होगा, जिसके बाद विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।मनपा के स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं जन्म-मृत्यु विभाग के रजिस्ट्रार डॉ. भाविन जोशी ने महानगरपालिका के नए पोर्टल का उद्देश्य विवाह पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। इससे दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच पहले ही ऑनलाइन हो जाएगी, जिससे आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नई व्यवस्था के तहत आवेदकों को सबसे पहले पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। इसके बाद आवश्यक दस्तावेज और गवाहों का विवरण अपलोड किया जाएगा। संबंधित अधिकारी ऑनलाइन दस्तावेजों की जांच करेंगे। यदि कोई कमी होगी तो आवेदन सुधार के लिए वापस भेजा जाएगा, जबकि दस्तावेज सही पाए जाने पर आवेदक को ऑनलाइन स्लॉट बुक करने की सुविधा मिलेगी। निर्धारित तिथि पर मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन कराने के बाद विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा, जिसे ऑनलाइन डाउनलोड भी किया जा सकेगा।
डॉ. जोशी ने बताया कि नए पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी और आवेदकों को आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देखने की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज स्पष्ट और सही रूप में अपलोड करने की अपील की है, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
यह है पुरानी और नई व्यवस्था
आवेदन और दस्तावेजों की प्रक्रिया मुख्य रूप से कार्यालय आधारित है। दस्तावेजों की जांच के लिए कार्यालय में उपस्थित होना पड़ता था। आवेदन की प्रक्रिया अपेक्षाकृत अधिक समय लेती है। इसके विपरीत अब नई व्यवस्था में नया ऑनलाइन विवाह पंजीकरण पोर्टल शुरू होगा। आवेदन और दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। पहले ऑनलाइन दस्तावेजों की जांच होगी। स्वीकृति के बाद ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा। निर्धारित तिथि पर मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के बाद विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी होगा और उसे ऑनलाइन डाउनलोड भी किया जा सकेगा।