
ईसनपुर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिला।
Ahmedabad. शहर के ईसनपुर इलाके में हुई हाईटेक चोरी में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस को जिस चोर की तलाश थी, वह घर की ही सदस्य निकली। शिकायतकर्ता के घर के स्मार्ट लॉक का पासवर्ड जानकर उसकी पत्नी की बहन ने ही करीब 50 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर की चोरी कर ली। ईसनपुर पुलिस ने कुछ ही दिनों में मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूरे 50 लाख रुपए के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, शाहआलम स्थित रॉयल नवाब फ्लैट निवासी और पटाखा व्यवसायी नदीममियां बागबान (36) ने 27 जुलाई 2026 को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 26 जुलाई की शाम करीब 7.30 बजे वह परिवार के साथ घर का स्मार्ट लॉक लगाकर बाहर भोजन करने गए थे। रात करीब 10.30 बजे लौटने पर मकान का स्मार्ट लॉक खुला था और कबाट में रखे सोने के आभूषण गायब थे। घर के दरवाजे या स्मार्ट लॉक पर किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं होने से पुलिस को शुरुआत से ही किसी करीबी व्यक्ति पर संदेह था।
ऐसे में तकनीकी जांच, परिवार के सदस्यों से पूछताछ, एफएसएल, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड की मदद से की गई जांच के दौरान शिकायतकर्ता के फ्लैट के नीचे रहने वाली उसकी पत्नी की बहन फरहानाज पठाण (27) से पूछताछ की गई, जिसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पूछताछ में सामने आया कि फरहानाज की मां ने मुथूट फाइनेंस से 14 लाख रुपए का ऋण लिया था, जिसकी किस्त 30 जुलाई को जमा करनी थी। आर्थिक तंगी के कारण उसने बहन और जीजा के घर चोरी की योजना बनाई। आरोपी अक्सर बहन के घर आती-जाती थी। उसने अपनी भांजियों को बहलाकर स्मार्ट लॉक का पासवर्ड जान लिया था। उसे यह भी पता था कि जेवर किस अलमारी में रखे हैं और उसकी चाबी कहां रखी जाती है। वारदात वाले दिन परिवार के बाहर जाते ही उसने पासवर्ड से दरवाजा खोला, अलमारी से जेवर और नकदी निकालकर अपने पर्स में रख लिए। इसके बाद वह लालदरवाजा पहुंची, जहां मित्र सादिकअली सैयद से मिली। दोनों लॉ गार्डन गए और आरोपी ने चोरी के जेवरों से भरा पर्स सादिकअली को सुरक्षित रखने के लिए दे दिया, जिसे उसने अपने स्कूटर की डिक्की में रख दिया। गुरुवार को आरोपी ने पुलिस के सामने जेवर रखने की जगह बताई, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। आरोपी की निशानदेही पर उसके मित्र को थाने बुलाकर स्कूटर और आभूषण जब्त कर लिए।
Updated on:
30 Jul 2026 11:27 pm
Published on:
30 Jul 2026 11:27 pm
