अहमदाबाद

Ahmedabad: भोगावो नदी के उफान से धोलेरा का वणी तालाब-पीपली गांव बना टापू

-बाढ़ में घिरे गांवों में अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस, एनडीआरएफ की टीमों ने संभाला मोर्चा, वणी तालाब-पीपली गांव से 58 लोगों को और धिंगड़ा गांव में पानी में फंसे 62 लोगों का किया गया रेस्क्यू
2 min read
Vani Talab pipali village
अहमदाबाद जिले की धोलेरा तहसील के वणी तालाब पीपली गांव में पानी में फंसे लोगों का रेस्क्यू करती एनडीआरएफ ग्रामीण पुलिस की टीम।

अहमदाबाद. जिले में भारी बारिश से भोगावो नदी उफान पर है। इसके चलते धोलेरा तहसील के वणी तालाब -पीपली गांव में पानी घुस जाने से गांव टापू में तब्दील हो गया। गांव का आसपास के क्षेत्रों से संपर्क पूरी तरह टूट गया, जिसके बाद पुलिस, जिला प्रशासन और एनडीआरएफ ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमप्रकाश जाट के अनुसार धोलेरा तहसील के वणी तालाब पीपली गांव में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ के साथ मिलकर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गांव तक पहुंचने वाले रास्ते पानी में डूब जाने से राहत दलों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पीपली गांव में फंसे 58 लोगों को एनडीआरएफ की टीम के साथ मिलकर सुरक्षित बाहर निकाला है। वहीं बगोदरा पुलिस थाना क्षेत्र के धिंगड़ा गांव में पानी से घिरे 62 लोगों का भी रेस्क्यू किया गया। उन्हें सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है।

आनंदपुर, बुरानपुर मार्ग बंद

भोगावो नदी का पानी आनंदपुर और बुरानपुर गांव जाने वाले संपर्क मार्ग पर भी भर गया है, जिसके चलते जिला प्रशासन ने एप्रोच रोड बंद कर दिया है। यहां पर कोई दुर्घटना ना हो इसके लिए जिला पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। लोगों को इस मार्ग पर नहीं जाने के लिए समझाया भी जा रहा है।

गेलप्स पार्क से पानी निकालने को लगाए सात हाई कैपेसिटी पंप

बावला के गेलोप्स इंडस्ट्रियल पार्क में भारी जलभराव की स्थिति है। यहां फंसे 900 लोगों को रेस्क्यू करने के बाद प्रशासन ने पानी निकासी के लिए 38 हॉर्स पावर क्षमता के सात हाई-कैपेसिटी पंप लगाए हैं। इसके अलावा साणंद में भी जल भराव की स्थिति है। वहां बरसाती पानी को निकालने के लिए पंप लगाए गए हैं। यहां गुरुवार को भारी बारिश होने के बाद से ही जल जमाव की स्थित है। यहां पर बड़ी संख्या में लोग और श्रमिक फंस गए थे। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस की टीम ने जिला प्रशासन, सेना और एनडीआरएफ टीमों की मदद से लोगों को रेस्क्यू करने का अभियान छेड़ा था। जिससे लोगों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।

बीमारियां रोकने को घर-घर सर्वे

बारिश के बाद संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका है। उसे रोकने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की 504 टीमों ने अब तक घर-घर जाकर 3.98 लाख से अधिक लोगों का सर्वे किया है। 51 स्वास्थ्य शिवि लगाए हैं, जिनमें 3476 मरीजों की जांच की गई। 25,934 क्लोरीन की गोलियां बांटी हैं। जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार कार्यरत हैं।

Updated on:
27 Jul 2026 10:46 pm
Published on:
27 Jul 2026 10:46 pm