
यात्रियों को विमान से उतारकर एयरपोर्ट के अराइवल क्षेत्र में पहुंचाया गया।
राजकोट. दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई 1452 (एयरबस ए 321) की सोमवार दोपहर राजकोट के हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान के कार्गो होल्ड (सामान रखने वाले हिस्से) में धुएं के संकेत मिलने के बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर निकटतम हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। समय रहते विमान को राजकोट डायवर्ट कर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में सवार 187 यात्रियों और 7 क्रू सदस्यों सहित सभी 194 लोग सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने दुबई से निर्धारित समय से पहले सुबह उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान कार्गो होल्ड में धुएं की चेतावनी मिलने से कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पायलट की सूझबूझ और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की त्वरित कार्रवाई से विमान को दोपहर बाद 3.27 बजे राजकोट के हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया।
लैंडिंग से पहले घोषित की गई 'फुल इमरजेंसी'
विमान की आपात लैंडिंग की सूचना मिलते ही दोपहर 2:45 बजे 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी गई। एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल तैनात कर दी गईं। राजकोट फायर ब्रिगेड के दो दमकल वाहन, कई राहत दल और चिकित्सा टीमें पहले से ही एयरपोर्ट पर मौजूद थीं।
संभावित आपात स्थिति को देखते हुए राजकोट के सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज, एम्स, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया। एयरपोर्ट पर 70 से अधिक एंबुलेंस और फायर टेंडर तैनात किए गए, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
राजकोट के जिला कलक्टर डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि पायलट को विमान के लगेज (कार्गो) क्षेत्र में धुएं की आशंका हुई थी। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को राजकोट की ओर मोड़ा गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद की गई प्रारंभिक जांच में विमान के भीतर या बाहर कहीं भी आग या किसी बड़े नुकसान के संकेत नहीं मिले। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतारकर एयरपोर्ट के अराइवल क्षेत्र में पहुंचाया गया, जहां उनके लिए चाय, नाश्ता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
कलक्टर के मुताबिक प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम पर तुरंत नियंत्रण पा लिया था और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए मुंबई से एक वैकल्पिक विमान भेजने की व्यवस्था की है। यह विमान शाम को राजकोट पहुंचने के बाद सभी यात्रियों को मुंबई लेकर रवाना होगा। फिलहाल संबंधित विमान का विस्तृत तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विमान के उतरने से करीब 40 से 45 मिनट पहले ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया था।
Updated on:
27 Jul 2026 10:34 pm
Published on:
27 Jul 2026 10:34 pm
