
कैप्शन - अहमदाबाद के असारवा क्षेत्र स्थित सिविल अस्पताल में गैर चिकित्सकीय सेवाओं में जुटे आरएसएस के स्वयंसेवक।
अहमदाबाद. कोरोना महामारी के मौजूदा दौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक अहमदाबाद के असारवा क्षेत्र स्थित 1200 बेड के सिविल अस्पताल में गैर चिकित्सकीय सेवाओं में जुटे हैं।
आरएसएस के महानगर कार्यवाह तेजस पटेल के अनुसार सिविल अस्पताल में गैर चिकित्सकीय सेवाओं में जुटे पैरा मेडिकल स्टाफ को गैर चिकित्सकीय कार्य भी करना पड़ता है। उन्हेंकोविड मरीजों की चिकित्सकीय देखभाल में सेवारत करने के लिए आरएसएस के स्वयंसेवकों ने पैरा मेडिकल स्टाफ की मदद के उद्देश्य से गैर चिकित्सकीय सेवा देने का बीड़ा उठाया है।
इस कार्य के लिए आरएसएस के महानगर के कुल 430 स्वयंसेवकों की सूची तैयार की गई है। इसमें से प्रथम चरण में 30 वर्ष से कम उम्र के 180 स्वयंसेवक तीन पारियों में काम कर रहे हैं। शेष को बैक-अप में रखा है। मुख्य तौर पर मरीजों के पंजीकरण, मरीजों को छुट्टी, अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के सेवाकार्य में स्वयंसेवक जुटे हैं।
इनके अलावा मरीजों के लिए भोजन की व्यवस्था में भी आरएसएस के स्वयंसेवक जुटेंगे। उन्होंने बताया कि अन्य अस्पतालों में भी आवश्यकतानुसार प्रशासन के निर्देशन में आगामी समय में इसी प्रकार के सेवा कार्यों में स्वयंसेवक जुड़ सकेंगे।