अहमदाबाद

Ahmedabad: बारिश हुई कम, लेकिन आफत नहीं, शहर में तीसरे दिन भी पानी में कैद कई सोसाइटी

शहर में बेसमेंट से लेकर सड़कों तक भरा है बरसातनी पानी, लोग घुटनों तक जलभराव पार करने को हो रहे हैं मजबूर, राहत के दावों के बीच शहर की कई सोसाइटी, फ्लैटों में जनजीवन अब भी प्रभावित
2 min read
Ghuma area
शहर के घुमा क्षेत्र की एक सोसाइटी में जल भराव की स्थिति।

Ahmedabad. शहर में गुरुवार को रिकॉर्ड बारिश होने के बाद शुक्रवार, शनिवार को बारिश का जोर कम हुआ है, लेकिन लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर के कई इलाकों में तीसरे दिन भी जलभराव बना हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। कहीं लोग घुटनों तक पानी में चलने को मजबूर हैं तो कहीं सोसायटियों के बेसमेंट और पास की मुख्य सड़कें अब भी पानी में डूबी हैं। कई स्थानों पर लोगों को सार्वजनिक परिवहन तक पहुंचने के लिए पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

गोदरेज गार्डन सिटी में तीसरे दिन भी सड़क पर पानी

शहर के जगतपुर स्थित गोदरेज गार्डन सिटी में तीसरे दिन भी सड़कों पर पानी भरा हुआ है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को एएमटीएस बस का इंतजार करने के लिए सड़क के बीच तक खड़ा होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की रफ्तार बेहद धीमी है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

चांदलोडिया विश्वकर्मा मंदिर के पीछे घुटनों तक पानी

चांदलोडिया के विश्वकर्मा मंदिर के पीछे स्थित वृंदावन सोसायटी के आसपास शनिवार को तीसरे दिन भी पानी पूरी तरह नहीं उतर पाया है। गुरुवार को भारी बारिश होने के चलते तो बरसाती पानी दुकानों के भीतर तक घुस गया था। हालांकि अब दुकानों से पानी निकल गया है, लेकिन सड़क पर अभी भी घुटनों तक पानी भरा होने से लोगों का आना-जाना मुश्किल बना हुआ है।

बोपल की सेंटोसा पार्क से निकला पानी, इस्कॉन ग्रीन में भरा

बोपल की हरीविला सोसायटी में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे स्थानीय लोग नाराज हैं। इस्कोन ग्रीन और घुमा लेक क्षेत्र में अभी भी बरसाती पानी भरा हुआ है। उसे निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणी ने शनिवार को इस क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र की सेंटोसा पार्क सोसाइटी से बरसाती पानी शनिवार को निकाल लिया गया। बोपल के बाहरी क्षेत्र में झवेरी पार्क में बरसाती पानी नहीं निकल पाया है।

वेजलपुर, सरखेज की कई सोसाइटियों में जल भराव

वेजलपुर स्थित श्रीनंदनगर-1 व आसपास की सोसाइटी में बारिश का पानी शनिवार को भी भरा है। इसे तेजी से निकालने के लिए हेवी डी-वॉटरिंग वैन तैनात की गई हैं। सरखेज वार्ड के पांचा तालाब के पास स्थित व्रजविहार-7 के बेसमेंट में भी बरसाती पानी भरा है, उसे पंप की मदद से निकालने की कोशिश की जा रही है। बारिश से सबसे अधिक सरखेज वार्ड के ईडब्ल्यूएस-38 इंद्रप्रस्थ आवास योजना और नेहरूनगर के लोग हुए हैं। बरसाती पानी के भराव से स्थिति ऐसी है कि यह बाहर भी निकल नहीं पा रहे हैं। ऐसे में इन परिवारों तक फूड पैकेट, राशन, पीने का पानी और सब्जियां घर-घर पहुंचाने की व्यवस्था करनी पड़ रही है। स्थानीय विधायक अमित ठाकर ने इन क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से बातचीत की।0000000

निकोल के मधुमालती आवास योजना में दो दिन से पानी भरा

निकोल वार्ड की मधु मालती आवास योजना में भी दो दिनों से जलभराव बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि लोग बाहर नहीं निकल पा रह हैं। के पार्षदों, नेताओं को भी ट्रैक्टर के माध्यम से जलमग्न क्षेत्र में पहुंचना पड़ रहा है।

Updated on:
25 Jul 2026 10:39 pm
Published on:
25 Jul 2026 10:39 pm