अहमदाबाद

Ahmedabad Crime: महादेव मंदिर परिसर में भक्ति की आड़ में नशे की खेती, तीन पुजारी गिरफ्तार, 5.69 लाख का गांजा जब्त

Cannabis Cultivation: अरवल्ली जिले के उभराण गांव में मंदिर परिसर में गांजे की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन पुजारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के छह पौधे और सूखा गांजा बरामद किया है।
2 min read
Cannabis cultivation
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो- पत्रिका

शामलाजी। अरवल्ली जिला पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जाडेजा के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों के सेवन, तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मालपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने उभराण गांव स्थित शूरपाणेश्वर महादेव मंदिर परिसर में कथित रूप से गांजे की खेती का पर्दाफाश करते हुए मंदिर के तीन पुजारियों को गिरफ्तार किया। इनमें उत्तराखंड के देहरादून का मूल निवासी रविकांत उर्फ रविगिरि राणा, मध्य प्रदेश का मूल निवासी रूपसिंह उर्फ रूपगिरि कुशवाह, सनतकुमार कोरी शामिल है।

गांजे के छह पौधे मिले

कार्रवाई के दौरान मंदिर परिसर से 5.69 लाख रुपए का गांजा और दो मोबाइल फोन सहित कुल 5.79 लाख रुपए का माल बरामद किया। मालपुर थाने के पीआई डीसी परमार को सूचना मिली थी कि उभराण स्थित शूरपाणेश्वर महादेव मंदिर परिसर में गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एफएसएल टीम ने मंदिर परिसर में पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान वहां लगाए गए गांजे के छह पौधे मिले, जिनका कुल वजन 11.397 किलोग्राम था। इसके अलावा एक कमरे में छिपाकर रखा गया सूखा गांजा भी बरामद किया गया।

मुख्य व्यवस्थापक हरदीपगिरि फरार

पुलिस ने मौके से तीन पुजारियों को गिरफ्तार किया, जबकि कथित मुख्य आरोपी और मंदिर के मुख्य व्यवस्थापक हरदीपगिरि फरार हो गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मंदिर में आने वाले साधु-संतों के सेवन के लिए गांजे की खेती की जा रही थी।

हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मंदिर परिसर से बरामद गांजे का इस्तेमाल केवल व्यक्तिगत सेवन के लिए किया जाता था या उसकी बिक्री भी की जाती थी। अरवल्ली जिला पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जाडेजा के अनुसार, मालपुर पुलिस ने शूरपाणेश्वर महादेव मंदिर परिसर से पांच लाख रुपए से अधिक कीमत के गांजे के पौधे बरामद कर मंदिर में रहने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया, एक अन्य के बाहर होने के कारण उसे पकड़ने के लिए प्रयास जारी है।

‘एम्बरग्रीस’ के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

वहीं दूसरी अहमदाबाद जिले के बावला में स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने 4 किलो 354 ग्राम एम्बरग्रीस (व्हेल की उल्टी) बरामद की है। इस मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है। बरामद एम्बरग्रीस की कीमत 4 करोड़ 35 लाख रुपए आंकी गई है। एसएमसी की टीम ने सूचना के आधार पर गुरुवार को अहमदाबाद ग्रामीण के बावला थाना क्षेत्र में राजकोट-अहमदाबाद हाईवे पर आकृति आर्केड कॉम्प्लेक्स की पार्किंग में कार्रवाई की। यहां दबिश देकर आणंद जिले की खंभात तहसील के तरकपुर गांव निवासी अजय चावड़ा और अहमदाबाद जिले की धोलका तहसील के भेटावाडा गांव निवासी हितेश चौहान को पकड़ा।

Updated on:
01 Oct 2026 08:39 pm
Published on:
01 Oct 2026 08:39 pm