
2 Children Mother Dies In Ajmer: पति की असमय मौत के बाद दो बच्चों की परवरिश कर रही अनिता की जिंदगी अचानक थम गई। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में खाना खाने और दूध पीने के कुछ देर बाद अनिता और उसके दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। देर रात तीनों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान अनिता (42) ने दम तोड़ दिया। मां की मौत के बाद परिजन दोनों बच्चों को उपचार के लिए जयपुर ले गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और बच्चों की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं।
मीरशाहअली पीडब्ल्यूडी क्वार्टर निवासी बलवीर सिंह की कुछ वर्ष पहले मृत्यु होने के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसकी पत्नी अनिता पर आ गई थी। पति की जगह उसे राजकीय महाविद्यालय में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। इसके बाद वह नौकरी करने के साथ दोनों बच्चों की परवरिश कर रही थी। पति की मौत के बाद अनिता ने हिम्मत नहीं हारी और परिवार को संभालते हुए बच्चों के भविष्य को संवारने में जुटी रही।
प्रारंभिक पड़ताल के अनुसार गुरुवार रात अनिता और दोनों बच्चों ने खाना खाने के बाद दूध पिया था। कुछ देर बाद अचानक तीनों की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने तत्काल रिश्तेदारों को सूचना दी। इसके बाद तीनों को उपचार के लिए अजमेर के जेएलएन अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान अनिता की हालत गंभीर होती गई और शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। वहीं, दोनों बच्चों का भी अस्पताल में उपचार जारी रहा।
अनिता की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जिन बच्चों की जिंदगी को संवारने के लिए वह पति की मौत के बाद अकेले संघर्ष कर रही थी, वही बच्चे अब अस्पताल में उपचाररत हैं। अनिता की अचानक हुई मौत ने परिवार और रिश्तेदारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों के मुताबिक, बच्चों के लिए मां ही उनका सबसे बड़ा सहारा थी।
अनिता के भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की मौत के बाद परिजन दोनों बच्चों को जयपुर एसएमएस अस्पताल ले गए। परिजनों की चिंता अब बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अनिता के शव का पोस्टमार्टम करा परिजन के सुपुर्द कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के कारणों को लेकर पुलिस प्रारंभिक जांच में जुटी है।