अजमेर

बेटियों के लिए अच्छी खबर – इस साल प्रदेश की 3.22 लाख छात्राओं को मिलेगी साइकिल

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

2 min read
Aug 25, 2018
इस साल प्रदेश की 3.22 लाख छात्राओं को मिलेगी साइकिल - वासुदेव देवनानी

अजमेर.

शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए पूरी गम्भीरता के साथ काम किया है। पहले गांवों में बच्चियां आठवीं के बाद साधनों के अभाव में आगे पढ़ नहीं पाती थी। हमने साइकिल देकर उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस साल प्रदेश में नवीं कक्षा की 3 लाख 22 हजार छात्राओं को साइकिल वितरित की जाएगी।

ये भी पढ़ें

छात्रसंघ चुनाव: छात्र-छात्राओं सहित प्रत्याशियों से चुनाव को लेकर बातचीत, देखें पत्रिका टीवी की ये खास रिपोर्ट ..

राज्यमंत्री देवनानी ने शुक्रवार को राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय साइकिल वितरण समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नतीजा यह है कि पिछले साढ़े चार सालों में हम 26वें से दूसरे स्थान पर आ गए हैं। लाखों नए नामांकन बताते है कि सरकारी स्कूलों में प्रवेश के लिए अभिभावकों में होड़ मच रही है।

शिक्षा के लिए विद्यार्थी को बाहर नहीं जाना पड़े
वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर जिले में 13 हजार 678 बालिकाओं को साइकिल दी जाएगी। आज शहर की 32 स्कूलों की 1390 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा के उन्नयन का वादा पूरी गम्भीरता के साथ पूरा किया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सीनियर सैकण्डरी स्कूल खोला है। पिछले चार साल में राज्य में 7 हजार स्कूल क्रमोन्नत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की सोच है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को स्थानीय स्तर पर ही इतना सशक्त कर दिया जाए कि स्कूली शिक्षा के लिए विद्यार्थी को बाहर नहीं जाना पड़े।

आजादी के बाद पहली बार

इस मौके पर देवनानी ने दावा किया कि आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ कि बिना राजनीति भेदभाव एक साथ इतने विद्यालय क्रमोन्नत किए गए हैं। बालिकाओं को स्कूल आने जाने के लिए साइकिल दी जा रही है। इस अवसर पर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सचिव मेघना चौधरी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बालिकाएं उपस्थित थी।

ये भी पढ़ें

मालपुरा कस्बे में तिरंगा यात्रा निकालने पर अड़े हिन्दुवादी संगठन, इलाके में लगा कर्फ्यू – देखें वीडियो रिपोर्ट
Updated on:
25 Aug 2018 04:46 am
Published on:
25 Aug 2018 04:44 am
Also Read
View All