अजमेर

Accident : टोल बूथ पर इधर-उधर दौड़ी बेकाबू कार, चपेट में आने से 10 घायल

अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जीवीके टोल नाके पर हादसा, टोल बूथ पर चालक से रुपए गिरने और उन्हें उठाने के दौरान दब गया ऑटो गियर

2 min read
Jul 30, 2019
Accident : The uncontrollable car ran around the toll booth
Accident : टोल बूथ पर इधर-उधर दौड़ी बेकाबू कार, चपेट में आने से 10 घायल

मदनगंज-किशनगढ़ ( अजमेर ).

अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम को जीवीके टोल नाके पर टोल राशि देने की गफलत में ऑटो गियर युक्त कार बेकाबू हो गई। कार गियर में आ जाने से सड़क पर तेज रफ्तार में दौडऩे लगी जिससे दुर्घटना घट गई। दुर्घटना में कार में सवार और टोलकर्मी समेत 10 जने घायल हो गए।

गंभीर हालत होने के कारण छह घायलों को अजमेर रेफर किया गया है, जबकि शेष को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। किशनगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

किशनगढ़ थाना पुलिस के अनुसार अजमेर-जयुपर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित टोल पर शाम करीब 6 बजे अजमेर से एक लग्जरी कार में एक परिवार के सदस्य जयपुर जा रहे थे। टोल राशि देने के लिए कार टोल की लेन में रुकी। कार में सवार चालक ने टोल बूथ में पैसे दिए।

टोलकर्मी और चालक के बीच पैसे लेने-देने के दौरान कुछ पैसे नीचे सड़क पर गिर गए। चालक ने सीट पर बैठे-बैठे ही फाटक खोल कर जमीन पर गिरे पैसे उठाने की कोशिश की। इसी दौरान कार का ऑटो गियर दब गया और चालक बूथ की दीवार एवं कार के बीच फंस गए।

यह देख पास खड़े अन्य टोलकर्मी चालक की सहायता के लिए आए और कार को पीछे खींचने की कोशिश की, लेकिन कार इसी दौरान पीछे की तरफ तेजी से दौड़ गई। इसी बीच चलती कार से सवार लोग भी उतरने की कोशिश करने लगे।

ऑटो गियर के दबे और कार के तेजी से आगे पीछे होने एवं कार की चपेट में आने से कार में सवार एवं टोलकर्मी समेत 10 जने घायल हो गए। घायलों को तुरंत किशनगढ़ के यज्ञनारायण चिकित्सालय में उपचार के लिए पहुंचाया गया।

जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद छह लोगों को अजमेर जेएलएन चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जबकि शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जानकारी पाकर आरके मार्बल गु्रप के चेयरमैन अशोक पाटनी भी जीवीके टोल नाके पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली। चेयरमैन पाटनी ने घायल हुए टोलकर्मियों से भी कुशमक्षेप पूछी।

हादसे में यह हुए घायल

दुर्घटना में जयपुर के विद्याधर नगर सरस्वती टावर निवासी शीखा जैन (27), सौरभ जैन (29), विद्याधर नगर निवासी अंकुर पारीक (29), शैतानसिंह कॉलोनी निवासी विपुल महाजन, तुर्कीयावास थाना निवासी गणपत जाट (35), दौसा निवासी टोल गार्ड राजेन्द्र गुर्जर (28).

चूंदड़ी निवासी टोल गार्ड रामरतन जाट (25), पाटन निवासी टोल गार्ड रमेश यादव (27), मुंशीथला दूदू निवासी टोल गार्ड रणजीत जाट (26) एवं नलू निवासी टोल गार्ड श्रवण वर्मा (32) घायल हो गए। घायलों में से राजेन्द्र, श्रवण, रामरतन, गणपत, सौरभ व शिखा को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया गया।

मार्बल एसोसिएशन अध्यक्ष पहुंचे हॉस्पिटल

सूचना पाकर मार्बल एसोसिएशन अध्यक्ष सुधीर जैन, ईशू जैन सहित अन्य सदस्य भी यज्ञनारायण हॉस्पिटल पहुंचे। यहां इन्होंने दुर्घटना में घायलों की कुशलक्षेम पूछी और घायलों को रेफर आदि कराने में सहयोग किया।

Published on:
30 Jul 2019 03:16 am