
मांगलियावास (अजमेर)। सराधना के एचपीसीएल डिपो से निकलने वाले टैंकरों से तेल चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुरुवार को गांव सराधना पुलिया के पास स्थित सर्विस लाइन पर छापामार कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिंदुस्तान पेट्रोलियम के टैंकर से तेल चोरी करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक टैंकर, बोलेरो , पिकअप सहित सात ड्रम बरामद किए है। मामले मे पुलिस को पिछले कई दिनों से डिपो के आसपास स्थित गांवों में टैंकरों से तेल चोरी की सूचना मिल रही थी। गुरूवार को मांगलियावास थानाधिकारी अरविंद सिंह चारण के नेतृत्व में सराधना चौकी दीवान गोपाराम विश्नोई, सिपाही वेदप्रकाश व इंद्रराज ने सराधना पुलिया के पास सर्विस लाइन पर दबिश दी। पुलिस ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम के टैंकर से डीजल चोरी करते हुए चार लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियो मे टैंकर चालक मायापुर निवासी शैतान सिंह पुत्र श्रवण सिंह,खलासी कान सिंह पुत्र बलदेव सिंह रावत मायापुर , बोलेरो चालक मोहन सिंह पुत्र खिमा सिंह रावत मायापुर ,पिकअप चालक अमर सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह रावत नासुन शामिल हैं। पुलिस ने मौके से डीजल से भरा एक टैंकर, एक बोलरो, 7 ड्रम सहित तेल निकालने के उपकरण व सामान तथा 50 लीटर चोरी किया गया डीजल बरामद किया है। पुलिस ने टैंकर व अन्य सामान को जब्त कर कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
ऐसे करते थे टैंकरों से डीजल चोरी -
हिंदुस्तान पेट्रोलियम से टैंकर में डीजल भरकर टैंकर चालक अपने टैंकर को एक सुनसान रास्ते पर ले जाकर खड़ा कर देता। जहां अपने बाकी साथियों को मौके पर बुलवाकर डीजल चोरी करने के प्रयोग में आने वाले उपकरण सामग्री लाकर टैंकर के ऊपर से ढक्कन खोल कर टैंकर में एक पाइप उतार देता है और फिर उस पाइप से डीजल निकाल कर नीचे रखे ड्रमों में डाल लेता है। इतना ही नहीं चोरी की वारदात के समय अपने दो अन्य साथियों को टैंकर के अलग-अलग रास्तों पर खड़े कर देते हैं। जो वहां उनकी मुखबिरी करते रहते।
बढ़ सकता है कुनबा -
पुलिस मौके से पकड़े गए आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। जिससे गिरोह में अन्य आरोपियों के नाम भी शामिल होने पर खुलासा हो सकता है।
लंबे समय से कर रहे थे डीजल चोरी -
पता चला है कि मौके से पकड़े गए आरोपी लंबे समय से एचपीसीएल से निकलने वाले टैंकरों से डीजल चोरी के कार्य को अंजाम दे रहे थे। लेकिन गिरोह में शामिल आरोपियों के शातिर होने से किसी को कानों कान खबर नहीं थी।