
Ajmer Chain Snatching: अजमेर शहर में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार शाम को कृष्णगंज थाना क्षेत्र के पॉश इलाके वैशाली नगर में दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन झपटने का मामला सामने आया है। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों की सतर्कता के कारण एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जनता कॉलोनी निवासी रेखा शर्मा सोमवार शाम करीब 3:30 बजे पैदल रिलायंस मॉल की तरफ जा रही थीं। शाम करीब 4 बजे जैसे ही वह वैशाली नगर रोड स्थित तनिष्क ज्वैलर्स शोरूम के पास पहुंचीं, तभी पीछे से बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए। बदमाशों ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली और भागने का प्रयास किया।
महिला के तुरंत शोर मचाने पर सड़क पर पीछे से आ रहे अन्य बाइक सवारों और स्थानीय दुकानदारों ने तत्परता दिखाई। लोगों ने बदमाशों का पीछा कर मोटरसाइकिल चालक को घेरकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान बाइक के पीछे बैठा दूसरा आरोपी चलती गाड़ी से कूदकर मौके से रफूचक्कर हो गया। तलाशी के दौरान पकड़े गए आरोपी के बैग से बाइक की नंबर प्लेट और कपड़े बरामद हुए हैं।
सूचना मिलते ही कृष्णगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से छीनी गई सोने की चेन (माल-मशरूका) बरामद कर ली है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा मलक निवासी नागफणी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी का नाम अजय (उर्फ कुशल/कालू) है। पुलिस आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पकड़ में आए आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।