
पुलिस की गिरफ्त में बदमाश (पत्रिका फोटो)
श्रीगंगानगर: सादुलशहर थाना क्षेत्र के गांव धींगतानिया पुल के पास शुक्रवार को पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी वारदात टल गई। पिछले दिनों खैरूवाला और छापांवाली गांवों में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले पांच बदमाश पुलिस की घेराबंदी के दौरान भागने लगे। बचने के लिए उन्होंने धींगतानिया पुल से नीचे छलांग लगा दी, लेकिन गिरने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की संयुक्त टीम ने पांचों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फायरिंग की वारदातों में शामिल आरोपी पंजाब सीमा से सटे गांवों में कार से घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर सादुलशहर पुलिस, डीएसटी और एजीटीएफ की टीमों ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं रुके। घिरते देख वे कार छोड़कर पुल से कूद गए। इन पांचों को पहले सादुलशहर के अस्पताल में उपचार कराया, हालत में सुधार नहीं होने पर यहां जिला अस्पताल में रेफर कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल, करीब एक दर्जन कारतूस और एक कार बरामद की है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा के सुपरविजन में एजीटीएफ प्रभारी रामविलास बिश्नोई, डीएसटी प्रभारी जयकुमार भादू और सादुलशहर थाना प्रभारी मलकीयत सिंह के नेतृत्व में की गई। सभी घायल आरोपियों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस उनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और हालिया फायरिंग की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले का विस्तृत खुलासा जल्द किए जाने की संभावना है।
पुलिस के हत्थे चढ़े पांचों बदमाश कथित तौर पर श्रीगंगानगर और सादुलशहर क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों की गतिविधियों की सूचना पहले ही एजीटीएफ और डीएसटी को मिल गई थी, जिसके बाद संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। घिरता देख आरोपी कार छोड़कर भागने लगे और बचने के प्रयास में धींगतानिया पुल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से घायल होने के बाद पुलिस ने पांचों को हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल, करीब एक दर्जन कारतूस और एक कार बरामद हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गैंग किस वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था और उसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।
सादुलशहर थाना क्षेत्र के गांव खैरूवाला में कुछ दिन पहले कार सवार युवकों ने एक छात्र पर जानलेवा फायरिंग की थी। इस संबंध में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। थानाधिकारी मलकीयत सिंह मान के अनुसार, खैरूवाला निवासी मोहम्मद इरफान पुत्र तुफैल मोहम्मद ने रिपोर्ट दी कि वह कला स्नातक का छात्र है और प्रतिदिन सादुलशहर स्थित एक कंप्यूटर सेंटर एवं लाइब्रेरी में पढ़ने आता है। वह गांव के बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान सफेद कार में सवार होकर आए हर्ष गुर्जर (सादुलशहर), अभिषेक जांगू (राजपुरा), फिरोज उर्फ फौजी (खैरूवाला) और अभय नागर (सादुलशहर) वहां पहुंचे। रिपोर्ट के अनुसार, हर्ष गुर्जर और अभिषेक जांगू ने पिस्तौल से जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की। हालांकि, इरफान ने सतर्कता दिखाते हुए बचाव कर लिया, जिससे गोली उसे नहीं लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
Updated on:
17 Jul 2026 09:09 pm
Published on:
17 Jul 2026 09:09 pm
