
जमीन विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर किया हमला (पत्रिका फाइल फोटो)
Barmer Crime News: राजस्थान में बाड़मेर जिले के बाखासर थाना क्षेत्र के अरटी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से पीछे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसके सिर पर करीब 10 सेंटीमीटर लंबा गहरा घाव आया है और डॉक्टरों को 9 टांके लगाने पड़े। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे गुजरात रेफर कर दिया है।
बाखासर थानाधिकारी गोविंदराम ने बताया कि अरटी गांव के रहने वाले 42 वर्षीय श्रवण कुमार अपने पिता भावाराम के साथ बैठकर जमीन से जुड़े किसी मामले पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई रमेश कुमार वहां पहुंच गया। आरोप है कि रमेश ने आते ही पिता और बड़े भाई के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और श्रवण कुमार को जान से मारने की धमकी देने लगा।
घायल श्रवण कुमार के साले भंवरलाल ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी रमेश कुमार को अच्छी तरह पता था कि श्रवण कुमार के सिर के पहले भी दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं और डॉक्टरों ने उन्हें सिर पर किसी भी तरह की चोट से बचने की सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद आरोपी ने जानबूझकर पीछे से कुल्हाड़ी से उनके सिर पर जोरदार वार किया। वार इतना घातक था कि कुल्हाड़ी सिर में गहराई तक धंस गई और श्रवण कुमार लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
घटना के वक्त श्रवण कुमार की पत्नी और बच्चों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी रमेश परिजनों को जान से मारने की धमकी देता हुआ कुल्हाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। परिजन तुरंत घायल को बाखासर अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें उच्च इलाज के लिए गुजरात भेजा गया।
बाखासर थाना पुलिस के मुताबिक, फिलहाल इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लिखित शिकायत मिलते ही केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
17 Jul 2026 04:02 pm
Published on:
17 Jul 2026 04:01 pm
