14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चित्तौड़गढ़: सांवलियाजी मंदिर में VIP एंट्री को लेकर बवाल, बैरिकेड तोड़कर घुसने की कोशिश; 4 हुड़दंगी गिरफ्तार

Sanwaliyaji Seth Temple: चित्तौड़गढ़ के श्री सांवलियाजी मंदिर में वीआईपी एंट्री की मांग को लेकर चार युवकों ने प्रतिबंधित स्टॉफ गेट पर बैरिकेड तोड़कर जबरन घुसने की कोशिश की। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार किया।
2 min read
Google source verification
Sanwaliyaji Seth Temple

सांवलियाजी मंदिर में VIP एंट्री को लेकर बवाल (पत्रिका फोटो)

Sanwaliyaji Seth Temple VIP Entry Row: मंडफिया (चित्तौड़गढ़): कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में जबरन प्रवेश करने और हुड़दंग मचाने के आरोप में मंडफिया थाना पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वीआईपी एंट्री बंद होने के बावजूद सुरक्षाकर्मियों से उलझते हुए गेट तोड़ दिया और भीतर घुसने का प्रयास किया।

थानाधिकारी रवींद्र सेन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में गणेश कुमावत मनासा मंडी, किशन लोहार बागोर, भीलवाड़ा, आशीष लोहार बलौदा गायत्री नगर और माधव अहीर गुनास, भीलवाड़ा शामिल हैं। इन चारों ने मंदिर के प्रतिबंधित गेट पर लगे बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और जबरन अंदर घुसने की कोशिश की, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शांतिभंग और उत्पाद मचाने के आरोप में चारों को दबोच लिया।

कर्मचारियों का रास्ता, वीआईपी के नाम पर हंगामा

मामले में मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि जिस गेट पर यह हंगामा हुआ, वह कोई वीआईपी दर्शन का मार्ग नहीं है। वह केवल मंदिर स्टॉफ और कर्मचारियों के आने-जाने के लिए आरक्षित गेट है। जहां आरोपियों ने जबरन वीआईपी एंट्री की मांग को लेकर तोड़फोड़ की।

दानपात्र से मिला 10.11 करोड़ का चढ़ावा

श्री सांवलियाजी सेठ मंदिर का भंडार सोमवार को चतुर्दशी के अवसर पर खोला गया था। मंदिर बोर्ड के अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव की उपस्थिति में शुरू हुई पहले चरण की गणना में दान पात्र से 10 करोड़ 11 लाख 83 हजार रुपए की नकदी प्राप्त हुई है। भंडार से निकले सोने-चांदी के आभूषणों और कार्यालय में भक्तों द्वारा सीधे भेंट किए गए नकद व स्वर्ण-रजत का तोल होना अभी बाकी है। शेष राशि की गिनती अब 15 जुलाई, बुधवार को दूसरे चरण में की जाएगी।

अमावस्या मेले के चलते कस्बे में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। दर्शनार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कुरेठा नाका और मीरा चौक पर विशेष प्रवेश द्वार बनाए हैं। मंदिर बोर्ड अध्यक्ष वैष्णव और थाना अधिकारी रवींद्र सेन खुद व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। शाम को श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया। भंडार गिनती के दौरान मंदिर बोर्ड सदस्य पवन तिवारी, किशन लाल अहीर, रामलाल गुर्जर, नायब तहसीलदार शिव शंकर पारीक सहित बैंक व मंदिर प्रबंधन के कर्मचारी उपस्थित रहे।