अजमेर

अजमेर को इंतजार है इस गार्डन का, जाने कब खुलेगा इसका दरवाजा

पहाड़ों से बहकर आने वाले पानी के संग्रहण के लिए पाल और नालों पर एनिकट बनाए गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 30 May 2019, 8:44 AM IST
city garden in ajmer
city garden in ajmer

अजमेर.

शहर वासियों को शाास्त्री नगर-लोहागल रोड स्थित नगर उद्यान के शुरुआत का इंतजार है। आचार संहिता के चलते इसका विधिवत उद्घाटन नहीं हो पाया था। अब सरकार और वन विभाग कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।

शहर में किसी बड़े उद्यान की कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने 2014-15 के बजट में नगर वन उद्यान बनाने की घोषणा की थी। पर्याप्त जमीन नहीं मिलने और अन्य तकनीकी कारणों से इसमें विलम्ब हुआ। 22 जून 2017 को तत्कालीन वन एवं पर्यावरण मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने उद्यान का शिलान्यास किया। इसके बाद यहां पाथ-वे बनाया गया। पहाड़ों से बहकर आने वाले पानी के संग्रहण के लिए पाल और नालों पर एनिकट बनाए गए हैं। शास्त्री नगर-लोहागल रोड पर चारदीवारी बन चुकी है। इसके अलावा बच्चों के लिए झूले भी लगाए गए हैं।

बिछा रहे हरियाली की चादर
वन उद्यान में पौधे और हरी घास लगाने का काम जारी है। यहां करीब 450 पौधे लगाए गए हैं। इनमें नीम, पीपल, बरगद, अमलताश, गुलमोहर और अन्य पौधे शामिल हैं। पेड़-पौधों और घास के लिए बोरिंग से पानी का इंतजाम किया गया है। वन विभाग को मानसून की सक्रियता का इंतजार है। इसके बाद घास और पौधे लगाने का काम तेजी से होगा।

पहाड़ी पर फेंसिंग कार्य
उद्यान क्षेत्र में अरावली की पहाडिय़ां भी शामिल हैं। उद्यान को नीलगाय और अन्य पशुओं से बचाने के लिए वन विभाग पहाड़ी पर भी फेंसिंग कार्य करा रहा है। पहाड़ी पर लोहे के एंगल लगाकर तारबंदी जारी है। ऊंची पहाड़ी और पथरीला मार्ग होने के बावजूद विभाग ने यह काम किया है।

उद्यान क्षेत्र में हैं कई वन्य जीव
नगर वन उद्यान क्षेत्र में कई वन्य जीव भी दिखे हैं। कर्मचारियों की मानें तो यहां खरगोश, जरख, सेवली, हिरण और अन्य जीव-जंतु दिखाई दिए हैं। इसके अलावा क्षेत्र के बड़े पेड़ों पर तोता, मैना, कोयल और अन्य पक्षी भी बहुतायत में हैं। विभाग ने पक्षियों के लिए पेड़ों पर पानी के कुंडे भी लगाए हैं।

कुछ यूं बनेगा नगर वन उद्यान
उद्यान के लिए प्रस्तावित जमीन : 75 हेक्टेयर
प्रस्तावित बजट : 1 करोड़ 75 लाख
यह कराए गए हैं निर्माण : वॉक-वे, दो व्यू पॉइन्ट, बायो टॉयलेट, चिल्ड्रन्स पार्क, नवगृह, योग वाटिका, साइकिल ट्रेक, पहाडिय़ों का पानी एकत्रित करने के लिए टैंक, गार्डन, स्मृति वन और अन्ययह लगेंगे पौधे-नीम, गुलमोहर, अमलताश, शीशम, बोगन वेलिया और अन्य छायादार पौधे

Published on: