
Ajmer Civic Polls 2026: अजमेर नगर निकाय चुनाव में वार्डों की लॉटरी में कइयों की जमीन खिसक गई। पहले तो महापौर की लॉटरी में अनारक्षित (सामान्य) महिला की सीट ने कई निवर्तमान पुरुष पार्षदों एवं दावेदारों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। अब रही सही कसर वार्डों की लॉटरी ने पूरी कर दी। हालांकि 'ऊपजाऊ' जमीन किसे फलीभूत करती है यह तो समय बताएगा, लेकिन फिलहाल कई निवर्तमान पार्षदों की चिंता बढ़ा दी है।
अजमेर नगर निगम चुनाव में बीजेपी एवं कांग्रेस के कई दिग्गज पार्षदों के वार्डों की तासीर ही बदल गई, जिस आरक्षित वर्ग या अनारक्षित वर्ग के वार्ड पर वे दबदबा जमाने का मंसूबा पाले बैठे थे। उस पर प्रारंभिक तौर पर तो पानी फिर गया है। कुछ के प्लान 'ए' और प्लान 'बी' दोनों पर ही कुठाराघात हो गया। अब नई गणित जमाने बैठाने में जुट गए हैं। लेकिन सभी समीकरण फिट नहीं बैठ रहे हैं।
जिस रणनीति से चुनाव में प्रभाव जमाने एवं अंजाम देने की चर्चा जुबां पर थी, वह अब परिवर्तन के मोड़ पर पहुंच गई है। हालांकि, कुछ पार्षद ऐसे भी हैं जो वार्ड तक सीमित नहीं रहे। लेकिन चुनाव पूर्व अपनी जाजम जमाने के साथ उस पर बैठने वालों की संख्या बढ़ाने की जरूरत होगी।