अजमेर

Rajasthan: 13 लाख के नकली नोटों की खेप बरामद, वेल्डिंग मिस्त्री निकला पूरे खेल का मास्टरमाइंड

अजमेर पुलिस ने नकली नोटों के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 13.06 लाख रुपये के जाली नोट और प्रिंटेड शीटें बरामद की हैं। मामले में वेल्डिंग मिस्त्री विक्रम जोन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों की सप्लाई किस नेटवर्क के जरिए की जा रही थी और इस गिरोह में कौन-कौन शामिल है।
2 min read
Jul 12, 2026
Ajmer Fake Currency
Ajmer Fake Currency: आरोपी युवक (पीली टी शर्ट में ) और पकड़े गए नकली नोट। (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। जिला पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13.06 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। गंज थाना पुलिस ने नकली नोट बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री है और प्रारंभिक पूछताछ में उसके नकली नोटों के नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नोट कहां तैयार किए गए, इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस पूरे गिरोह में कौन-कौन शामिल है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह और एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। एएसपी हिमांशु जांगिड़ के सुपरविजन और सीओ (दरगाह) लक्ष्मण राम चौधरी के निर्देशन में गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह राठौड़ के नेतृत्व में विशेष टीम ने यह सफलता हासिल की।

गिरफ्तार आरोपी विक्रम जोन (फोटो-पत्रिका)

पुलिस को मुखबिर से मिली थी सूचना

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रिंस हिल्स कॉलोनी, बड़ी नागफणी निवासी 27 वर्षीय विक्रम जोन घी मंडी स्थित सरकारी स्कूल के पास एक बैग लेकर खड़ा है और उसके पास नकली नोटों की खेप है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

नोटों की प्रिंटेड शीटें भी मिली

तलाशी के दौरान आरोपी के आसमानी रंग के बैग से 500-500 रुपये के नकली नोटों की प्रिंटेड शीटें और तैयार जाली नोट बरामद हुए। इनकी कुल अंकित कीमत 13 लाख 6 हजार रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद नोट नकली हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी इन्हें बाजार में खपाने की फिराक में था और अपने एक साथी का इंतजार कर रहा था।

पुलिस नेटवर्क की तलाश में

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी नकली नोटों की खेप पहुंचाने का काम कर चुका है। पुलिस अब उसके मोबाइल, संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।

यह वीडियो भी देखें :

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच दरगाह थाना प्रभारी दिनेश जीवनानी को सौंपी गई है।

शहर की सबसे बड़ी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अजमेर में इससे पहले छोटे स्तर पर नकली नोट पकड़े जाते रहे हैं, जो अक्सर सब्जी विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों के बीच खपाए जाते थे। हालांकि, 13 लाख रुपये से अधिक के जाली नोटों की यह बरामदगी शहर की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले की जांच से नकली नोट तैयार करने और उनकी सप्लाई करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।

Updated on:
12 Jul 2026 10:31 pm
Published on:
12 Jul 2026 10:27 pm