
Ajmer Mayor Election 2026: अजमेर नगर निगम में मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल के नामांकन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी अनामिका शर्मा ने किरण गढ़वाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी ने नगर निगम के करीब 17 लाख रुपए के टैक्स बकाया का हवाला देते हुए उनके नामांकन को रद्द करने की मांग की है।
बीजेपी का आरोप है कि किरण गढ़वाल के मैरिज गार्डन ‘गढ़वाल पैलेस’ पर नगर निगम का करीब 17 लाख रुपए टैक्स बकाया है। बीजेपी ने नगर निगम की ओर से जारी नोटिस को आधार बनाते हुए प्रत्याशी की पात्रता पर सवाल उठाए हैं। साथ ही आरोप लगाया है कि नामांकन के दौरान दाखिल किए गए एफिडेविट में बकाया राशि से जुड़ी जानकारी छिपाई गई है।
वहीं, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया है। कांग्रेस का कहना है कि उनके पास नगर निगम की NOC उपलब्ध है और संबंधित मामला कोर्ट में लंबित है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार और बीजेपी के दबाव में नामांकन खारिज कराने की कोशिश की जा रही है। आज नामांकन की स्क्रूटनी में इस मामले पर फैसला होगा।
निर्णय का असर मेयर चुनाव की आगे की प्रक्रिया पर पड़ सकता है। बीजेपी के पास फिलहाल बहुमत नहीं है। वहीं, कांग्रेस अपने पार्षदों को पहले ही बेंगलुरु शिफ्ट कर चुकी है। विवाद के बीच नगर निगम की नई बिल्डिंग के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग की गई है। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी भी हुई।
बताते चलें कि अजमेर नगर निगम महापौर पद के चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। दोनों प्रमुख दलों की प्रत्याशियों ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर पद के लिए नामांकन किया। भाजपा ने वार्ड 3 की पार्षद अनामिका शर्मा को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने वार्ड 57 की पार्षद किरण गढ़वाल पर भरोसा जताया है। महापौर पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को होगा। नामांकन के दौरान दोनों दलों के जिलाध्यक्षों ने रिटर्निंग अधिकारी को पार्टी के सिंबल भी सौंपे।
बीजेपी ने रायशुमारी के बाद वार्ड 3 की पार्षद अनामिका शर्मा के नाम पर मुहर लगाई। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, संभाग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी, शहर बीजेपी जिलाध्यक्ष रमेश सोनी सहित अन्य नेताओं से रायशुमारी की थी। इसके बाद अनामिका शर्मा को महापौर पद का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया।
बीजेपी प्रत्याशी अनामिका शर्मा बुधवार सुबह करीब 11.15 बजे निगम कार्यालय पहुंचीं। नामांकन से पहले वह रिटर्निंग अधिकारी अनिल पूनिया के कार्यालय में मंत्रों का जाप करती रहीं। करीब 11.30 बजे उन्होंने नामांकन दाखिल किया। वार्ड 71 की पार्षद ऋतु रानी और वार्ड 7 के पार्षद विवेक सिंह उनके प्रस्तावक बने। नामांकन के बाद उन्हें रसीद दी गई। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, निवर्तमान उप महापौर नीरज जैन और चुनाव संयोजक अरविंद यादव सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने वार्ड 57 की पार्षद किरण गढ़वाल को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। प्रत्याशी के नाम पर अंतिम निर्णय से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष द्रोपदी कोली सहित अन्य नेताओं से फीडबैक लिया था। इस दौरान रश्मि शर्मा, किरण गढ़वाल, रश्मि हिंगोरानी और आशा तुनवाल सहित कई नामों पर चर्चा हुई। बाद में किरण गढ़वाल के नाम पर सहमति बनी।
कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल बुधवार दोपहर करीब 2.15 बजे निगम कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने नामांकन से पहले मंत्रोच्चार के साथ गणेशजी का पूजन किया और करीब 2.21 बजे नामांकन दाखिल किया। वार्ड 65 के पार्षद नौरत गुर्जर उनके प्रस्तावक बने। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जयपाल, पूर्व देहात कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र राठौड़, पीसीसी सदस्य महेंद्र सिंह रलावता, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन, विवेक पाराशर और डॉ. सुनील लारा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
अजमेर में इस बार महापौर पद के चुनाव में सामान्य महिला और ओबीसी वर्ग की प्रत्याशी आमने-सामने हैं। साल 2015 में महापौर पद सामान्य पुरुष के लिए आरक्षित था। उस समय भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत ने भी नामांकन किया था, लेकिन बाद में सियासी तालमेल के चलते ओबीसी वर्ग के धर्मेंद्र गहलोत को महापौर बनाया गया था।
महापौर चुनाव 21 सितंबर को होना है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही अपने पक्ष में अधिकतम निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा कर रहे हैं। ऐसे में चुनाव से पहले दोनों दलों की रणनीति और पार्षदों को अपने पक्ष में रखने की कवायद अहम मानी जा रही है। वास्तविक स्थिति चुनाव के दौरान सामने आएगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि पार्टी रणनीति के तहत महापौर चुनाव लड़ेगी और सफलता हासिल करेगी। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने दावा किया कि भाजपा आठवीं बार नगर निगम में बोर्ड बनाएगी और महापौर भी भाजपा का ही होगा।
कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल ने कहा कि महिला सुरक्षा उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी। युवाओं के लिए खेल मैदान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर के चहुंमुखी विकास के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। वहीं बीजेपी प्रत्याशी अनामिका शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की घोषणाओं के अनुरूप अजमेर का नियोजित विकास उनकी प्राथमिकता होगी। अच्छी सड़कें, रोड लाइट और उद्यानों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देशन में शहर के विकास के लिए काम किया जाएगा।
अनामिका शर्मा
किरण गढ़वाल