Ajmer News : भाई अपने बीमार भाई को वैन में लेकर मंदिर आया फिर बुटाटी धाम मंदिर में अकेला छोड़ गया।
Ajmer News Update : भाई का रिश्ता दुनिया के अन्य रिश्तों से काफी मजबूत माना जाता है, लेकिन स्वार्थवश यह रिश्ता भी अब कमजोर होता जा रहा है। शुक्रवार रात को बुटाटी धाम स्थित संत चतुरदास महाराज मन्दिर में बेसहारा छोड़े गए मरीज के मामले में भी यही बात सामने आई है।
संत चतुरदास महाराज मन्दिर समिति बुटाटी के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह व मन्दिर समिति ने वैन के आधार पर बेसहारा छोड़े गए मरीज के परिजन के नम्बर व पता मालूम किया। उन्होंने बताया कि मरीज अजमेर के धोलाभाटा निवासी मुकेश (42) है। उसका भाई उसे वैन में लेकर आया था और मन्दिर में अकेला छोड़ गया। उन्होंने बताया कि मरीज के परिजन के नम्बर पता कर फोन किया, लेकिन शनिवार शाम से ही वे अभी आते हैं, घण्टे भर में पहुंचते हैं, सुबह आते हैं, बोलकर टरकाते रहे।
देवेन्द्र सिंह बुटाटी ने बताया कि मुकेश बोल नहीं पा रहा था। ऐसे में उसके परिजन का पता लगा पाना मुश्किल हो गया था। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से गाड़ी का पता लगाकर उक्त व्यक्तियों तक पहुंचा जा सका है। परिजन के नम्बर व पता तो मालूम कर लिया, हालांकि परिजन मरीज को लेने आने का बोल रहे हैं।