अजमेर

अजमेर मर्डर केस: प्रेम प्रसंग में आड़े आ रहे पति की हत्या, पत्नी और उसके प्रेमी सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

Ajmer-Pisangan Husband Murder Case: अजमेर जिले के पीसांगन में हुए हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। प्रेम प्रसंग में आड़े आ रहे पति को पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने कड़ी दर कड़ी जोड़ी तो मामला खुलता चला गया।
2 min read
Jul 25, 2026
Ajmer-Pisangan Husband Murder Case
पुलिस की गिरफ्त में पत्नी-प्रेमी सहित चार आरोपी। फोटो: पत्रिका

अजमेर। अजमेर जिले के पीसांगन में हुए हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। प्रेम प्रसंग में आड़े आ रहे पति को पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने कड़ी दर कड़ी जोड़ी तो मामला खुलता चला गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी सहित वारदात में शामिल दो अन्य को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। मृतक के भाई रमेश सिंह ने मुकेश की पत्नी और ताऊ के बेटे गोपाल सिंह पर हत्या का संदेह जताया था। बता दें कि मुकेश के 5 छोटे बच्चे हैं।

अजमेर एसपी हर्षवर्द्धन अग्रवाला ने पत्रकारों को बताया कि मशिनिया थाना पीसांगन निवासी रमेश (38) पुत्र शोभा रावत ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि छोटा भाई मुकेश अपनी पत्नी विमला एवं बच्चों के साथ ग्राम नाथुथला में बिरम सिंह के खेत स्थित मकान में रहता था। मुकेश एवं उसकी पत्नी के बीच परस्पर विवाद होते थे। रमेश के अनुसार 6 बजे नाथुथला निवासी अमरसिंह ने उसे फोन कर भाई मुकेश की मौत की सूचना दी।

वह तत्काल परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। वहां हालात देखकर उसे भाई के साथ अनहोनी होने की आशंका हुई। पीसांगन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तत्काल पीसांगन पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने परिवादी, परिजनों एवं सहित कई लोगों से पूछताछ की। बांदनवाड़ा, नसीराबाद, पीसांगन एवं भिनाय क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में दबिश दी गई। इसके आधार पर संदिग्धों को डिटेन किया।

पत्नी ने ही रचा खौफनाक षड्यंत्र

एसपी अग्रवाला ने बताया कि मृतक मुकेश की पत्नी विमला का गांव के गोपाल सिंह रावत के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर मुकेश ने कई बार पत्नी को समझाया। दोनों के बीच आए दिन विवाद एवं झगड़े होते रहते थे। विमला ने गोपाल और अन्य सहयोगी के साथ खौफनाक साजिश रची। आरोपियों ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत मुकेश की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई।

पहले पिलाई जहरीली दवा, फिर गला घोंटा

एडिशनल एसपी ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल ने बताया कि मुकेश की हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। मुकेश की एक आंख के पास और गले पर निशान मिले। बेड पर शव पड़ा था और उसके चारों ओर लाल रंग की जहरीली दवा बिखरी हुई थी। बेड से करीब आठ फीट दूर दवा की बोतल भी मिली थी। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने गुनाह कबूल कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि पत्नी ने पहले आरोपियों के साथ मिलकर अपने पति को जबरन जहरीली दवा पिलाई। इसके बाद रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी है। इस मामले को पूरी तरह से आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। लेकिन पुलिस ने इस मामले का 24 घंटे में खुलासा करके सभी आरोपियों को को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी पत्नी और प्रेमी सहित चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मुकेश की हत्या मामले में पत्नी विमला (35), प्रेमी गोपाल (40) पुत्र बीरम सिंह निवासी मकरेड़ा और राजेश (25) पुत्र महेन्द्र जाट को गिरफ्तार किया। वहीं, पुलिस ने जामोलारू डोया का खेडा निवासी सोनू गुर्जर पुत्र लालाराम को पिस्टलनुमा देशी हथियार के साथ गिरफ्तार किया। इसकी भी हत्याकांड में संलिप्तता बताई गई है।

Updated on:
25 Jul 2026 11:31 am
Published on:
25 Jul 2026 11:31 am