अजमेर

अजमेर: बागियों-निर्दलीयों ने उड़ाई नींद, भाजपा-कांग्रेस के अंदरखाने मची हलचल, कई वार्डों में फंस सकता है पेच

Ajmer Nagar Nikay Election: 2021 के नगर निगम चुनाव में भाजपा को 48 और कांग्रेस को 18 सीट मिली थी। पूर्ण बहुमत मिलने से भाजपा ने बोर्ड बनाया था। लेकिन इस बार नाराज पूर्व पार्षदों ने निर्दलीय-बागी बनकर चुनाव में ताल ठोकी है।
2 min read
• •
Updated: 12 Sep 2026, 12:17 PM IST
ajmer election
अजमेर के राजेन्द्र स्कूल स्थित मतदान केन्द्र पर वोट देने पहुंचे बुजुर्ग । Photo- Patrika

रक्तिम तिवारी

Rajasthan Nagar Nikay Election: राजस्थान के अजमेर जिले में निकाय चुनाव के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को अजमेर, किशनगढ़ और पुष्कर में मतदान हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी लोकबंधु ने बताया कि जिले में 67.57 प्रतिशत औसत मतदान दर्ज किया गया। सभी जगह शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। अजमेर में 80 वार्डों में 4,38,039 मतदाताओं में से 2,79,688 मतदाताओं ने मतदान किया।

यहां कुल मतदान 63.65 प्रतिशत रहा। नगर परिषद किशनगढ़ के 60 वार्डों में 1,26,161 मतदाताओं में से 98,720 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां कुल मतदान 77.01 प्रतिशत हुआ। नगर परिषद पुष्कर के 25 वार्डों में 17,491 मतदाताओं में से 14,637 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां कुल मतदान प्रतिशत 83.68 प्रतिशत रहा।

मतदान के बाद अब सभी की नजर निकाय चुनाव परिणाम पर है। बागियों-निर्दलीयों ने नगर निगम चुनाव में नींद उड़ा दी है। भाजपा-कांग्रेस के अंदरखाने इसको लेकर हलचल शुरू हो गई है। कई वार्डों में बागियों-निर्दलीयों ने पेच फंसाए हैं। जिन निर्दलीयों से करीबी टक्कर का अंदेशा है, उन्हें साधने के लिए दोनों पार्टियां प्रयास में जुट चुकी हैं।

अजमेर में नगर निगम चुनाव में मतदान केन्द्र तोपदडा स्कूल में वोट देने के बाद महिलाएं । Photo- Patrika

साल 2021 के नगर निगम चुनाव में भाजपा को 48 और कांग्रेस को 18 सीट मिली थी। पूर्ण बहुमत मिलने से भाजपा ने बोर्ड बनाया था। इस बार दोनों पार्टियों ने पिछली बार जीते कई पार्षदों के टिकट काटे हैं। इससे नाराज पूर्व पार्षदों ने निर्दलीय-बागी बनकर चुनाव में ताल ठोकी है।

वार्ड-4 में हॉट सीट

चुनाव में वार्ड 4 सबसे हॉट सीट बन गई है। यह वार्ड विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी का है। भाजपा ने मोनिका को टिकट दिया है। यहां कांग्रेस ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। पूर्व महापौर की पत्नी हेमा गहलोत, ने निर्दलीय चुनाव लड़ा है।

वार्ड 3 पर भी टिकी नजरें

वार्ड 3 पर सबकी निगाहें टिकी हैं। यहां भी कांग्रेस ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच मुकाबला है। यह वार्ड भी काफी चर्चाओं में है।

तो बन सकते हैं गेमचेंजर!

अधिकृत सूत्रों के अनुसार किसी दल को बहुमत की स्थिति नहीं बनने पर कई निर्दलीय-बागी प्रत्याशी गेमचेंजर बन सकते हैं। अब 14 सितम्बर को चुनाव परिणाम आने तक धड़कनें तेज रहेंगी।

रहेंगे बाड़ेबंदी में

भाजपा और कांग्रेस नेता निर्दलीयों को कब्जे में लेने के प्रयास में जुट चुके हैं। दोनों दलों ने विशेष प्लान बनाया है। खुद के पार्षद प्रत्याशियों के अलावा तयशुदा निर्दलीयों-बागियों को भी बाड़ेबंदी में रखा जाएगा। यह कवायद महापौर और उप महापौर पद जीतने के लिए की जाएगी।

मैदान में रहे यह नेता सक्रिय

अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल, शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी, चुनाव संयोजक अरविंद यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाड़ा, शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, पूर्व शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय जैन, महेंद्र सिंह रलावता, डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी,हेमंत भाटी और अन्य।

Also Read
View All