
अजमेर. वैशाली नगर स्थित ईदगाह चौराहे पर शुक्रवार को रेलवे की चोरी की संपत्ति बरामद करने पहुंची आरपीएफ टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। टीम चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी बादल की निशानदेही पर ईदगाह रोड स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर पहुंची थी। यहां से चोरी का माल बरामद करने के दौरान कबाड़ी निजाम के परिजन और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और आरपीएफ टीम का घेराव कर विरोध शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ ने रेलवे की संपत्ति चोरी होने के मामले में जांच के दौरान बादल नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी की गई रेलवे की संपत्ति ईदगाह रोड निवासी कबाड़ी निजाम को बेची गई थी। इसके बाद शुक्रवार को आरपीएफ की टीम चोरी का माल बरामद करने के लिए निजाम की दुकान पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान टीम ने निजाम को भी चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ सब इंस्पेक्टर रीना कुमारी के नेतृत्व में एएसआई सुरेंद्र सिंह सहित जवान मौके पर पहुंचे थे। टीम दोनों आरोपियों की मौजूदगी में दुकान से रेलवे की चोरी की संपत्ति बरामद करने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान निजाम के परिजन और आसपास के लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने आरपीएफ की कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
आरपीएफ टीम जब निजाम को ले जाने लगी हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया। क्षेत्रवासियों और कबाड़ी के परिजनों ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया। कबाड़ी की पत्नी आरपीएफ टीम के वाहन के सामने लेट गईं। हंगामा बढ़ता देख आरपीएफ के अधिकारियों ने क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाने से पुलिस का जाप्ता मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने विरोध करने वाली महिलाओं को मौके से हटाया। इस दौरान प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने समझाइश कर लोगों को हटाया। साथ ही सत्यनारायण और कबाड़ी निजाम को आरपीएफ के हवाले किया। गौरतलब है कि पुलिस ने पूर्व में शाहरुख खान को भी कॉपर वायर चुराते गिरफ्तार किया था। उसे जेल भेजा चुका है।
ट्रेन से कॉपर वायर चोरी करने के मामले में आरोपी और कबाड़ी को पकड़ा है। चोरी की हुई कॉपर वायर बरामद हुई हैं। ईदगाह इलाके में कबाड़ी के परिजन ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया। क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया गया। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।- राजेन्द्र चौधरी, आरपीएफ निरीक्षक