अजमेर

अजमेर में महिला कार चालक की दबंगई, नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ी का चालान काट रहे ट्रैफिक हेड कांस्टेबल को कुचलने की कोशिश

Ajmer Traffic Police: अजमेर में यातायात पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी कार का चालान किए जाने पर महिला चालक ने वाहन को खतरनाक तरीके से चलाते हुए पुलिसकर्मी को कुचलने का प्रयास किया।

2 min read
Jun 18, 2026
Ajmer Traffic Police
यातायात पुलिसकर्मी से उलझता कार सवार व्यक्ति (पत्रिका फोटो)

Ajmer No Parking Violation: अजमेर: राजस्थान के अजमेर शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी एक कार का चालान काटने पर महिला चालक इस कदर भड़क गई कि उसने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान कार की चपेट में आने से पुलिसकर्मी बाल-बाल बचा। आरोपी महिला मौके पर खड़ी अन्य गाड़ियों को टक्कर मारते हुए कार लेकर फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:05 बजे की है। अजमेर यातायात शाखा के हेड कांस्टेबल महेश कुमार अपनी टीम के साथ पुलिया के नीचे ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान उन्हें यू-टर्न के पास नो-पार्किंग एरिया में एक कार खड़ी दिखाई दी।

हेड कांस्टेबल महेश कुमार ने कार चला रही महिला से गाड़ी को वहां से हटाने के लिए कहा। लेकिन महिला ने पुलिस की बात को अनसुना कर दिया और गाड़ी हटाने से साफ मना कर दिया।

बहसबाजी के बाद पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश

देखते ही देखते विवाद तब और बढ़ गया जब एक अन्य पुरुष वहां पहुंच गया। उसने आते ही ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल के साथ बदतमीजी और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। जब वे लोग नहीं माने, तो हेड कांस्टेबल ने नियम तोड़ने के आरोप में कार की फोटो खींचकर चालान काटने की कार्रवाई शुरू कर दी।

चालान बनता देख कार के पास खड़ा व्यक्ति तुरंत अंदर बैठ गया। इसके बाद महिला चालक ने गुस्से में आकर कार की रफ्तार बढ़ाई और उसे सीधे पुलिसकर्मी की तरफ दौड़ा दिया। महिला ने पुलिसकर्मी को जानबूझकर कुचलने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैदी के कारण पुलिसकर्मी की जान बच गई।

गाड़ियों को ठोकते हुए मौके से भागी महिला

वारदात को अंजाम देने के बाद महिला चालक ने तेजी से कार भगाई। भागने की हड़बड़ाहट में उसने सड़क किनारे और आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी जोरदार टक्कर मारी, जिससे कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। इस पूरी घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Published on:
18 Jun 2026 10:26 am