अजमेर

चोर गिरोह की चालाकी काम नहीं आई,दिन में रैकी और रात को चोरी खुली कलई

ब्यावर पुलिस ने चोर गिरोह के चार बदमाशों के दबोचा, पुलिस पूछताछ में दुकानों से चोरी किया माल किया बरामद,मुखबिर से मिली इत्तला के बाद पुलिस टीम का गठन कर गिरोह को पकड़ा
2 min read
• •
Updated: 1 Oct 2019, 5:47 PM IST
Beawar city police arrested thief gang
ब्यावर शहर पुलिस की गिरफ्त में चोर गिरोह के सदस्य।

अजमेर. जिले के ब्यावर (bewar) शहर में चोरी कर दुकानदारों की नाक में दम करने वाले गिरोह को पुलिस ने धर-दबोचा। पिछले कई दिनों से यह चोर गिरोह ( thief gang) सक्रिय था। दिन में सूने मकानों, बड़ी दुकान व शो-रूम सहित मालदार वाले शॉप की रैकी कर रात को वारदात को अंजाम दिया जाता था। साथ में यह भी रैकी में शामिल था कि दुकान व मकान की गतिविधियां कैसी रहती है। इन पर कब चोरी करना आसान रहेगा। इन सब से संतुष्ट होने के बाद ही गिरोह के सदस्य चोरी करते आ रहे थे।

ब्यावर सिटी थाना पुलिस ने चोर गिरोह ( thief gang) के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ के बाद दो दुकानों से चोरी किया माल भी बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह पहले सूने मकानों और दुकानों की दिन में रैकी करता था। यह गिरोह पिछले एक महीने से ब्यावर शहर में सक्रिय था।

और भी खुल सकेंगी वारदातें

पुलिस का मानना है कि इस गिरोह (gang) से चोरी की कई वारदातें खुल सकती है। शहर थाना अधिकारी रामेंद्र सिंह के अनुसार जसवंत नगर निवासी संदीप सांखला ने पिछले दिनों शिकायत दी थी कि उसकी उदयपुर रोड स्थित हार्डवेयर की दुकान से चोरी हो गई।

उसी रात समीप के ऑटो मोबाइल दुकान से भी चोर काफी सामान ले गए। पुलिस ने एक टीम का गठन कर जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मसूदा रोड निवासी रोहित चौहान, रेगरान मोहल्ला निवासी विजय जाटोलिया और धीरज नागर एवं गढ़ी थोरियान निवासी महेश सिंह को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ में चारों ने इन दोनों दुकानों से चोरी करना कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का काफी सारा माल बरामद किया है।

सरगना उगलेगा कई राज

पुलिस का कहना है कि चोर गिरोह ( thief gang) का सरगना विजय सिंह है। उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी व अन्य आपराधिक वारदातों के मामले दर्ज हैं। शहर में पिछले दिनों कई दुकानों से सामान चोरी की कई अन्य वारदातों के पीछे भी इसी गिरोह का हाथ है।

जल्द ही उन चोरियों का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि उनसे और पूछताछ की जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में सहायक उप निरीक्षक सूरजमल सहित कांस्टेबल राजेंद्र, जितेंद्र, भगवान व दातार शामिल रहे।

Published on: