www.patrika.com/ajmer-news
अजमेर. अजमेर संभाग मुख्यालय पर आजादी के 71 सालों बाद भी लोग नियमित पेयजल आपूर्ति को तरस रहे हैं । अजमेर के लिए बनी बीसलपुर परियोजना का पानी भी अन्य जिलों को दिया जा रहा है। उधर, आमजन व विभिन्न संगठनों के विरोध को दरकिनार कर सरकार ने बिजली व्यवस्था भी निजी हाथों में सौंप दी ।
आगामी विधानसभा चुनाव की आहट शुरू हो चुकी है। प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता अब जनता के मध्य पहुंच रहे हैं। कोई अपनी सरकार के समय के विकास कार्यों का बखान कर रहा है तो कोई मौजूदा सरकार के समय हुए विकास कार्यों को गिना रहा है , लेकिन दोनों प्रमुख दलों के नेता और मंत्री आजादी के बाद आज तक अजमेर शहर में 24 घंटे में पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं करवा पाए। हालात यह है कि जिस बीसलपुर परियोजना को शुरू करने के पीछे जो मकसद था उसका भी गला घोंटा जा रहा है। अजमेर के हक के पानी को अन्य जिलों में पहुंचाया जा रहा है। अजमेर का सबसे बड़ा मु²ा 24 घंटे में नियमित पेयजल सप्लाई है। सरकार की ओर से बिजली निजी कंपनी के हाथों में सौंपने के बाद अघोषित बिजली कटौती, ट्रिपिंग, विद्युत मीटरों की गलत रीडिंग एवं मनमर्जी की राशि की शिकायतें आम हैं। उपभोक्ता निजी कंपनी के कार्यालय में चक्कर काटने को मजबूर है। अजमेर जिले के अन्य छह विधानसभा क्षेत्रों में भी पानी-बिजली की समस्या है।
अजमेर संभाग में विधानसभा क्षेत्र
अजमेर जिले में अजमेर उत्तर, अजमेर दक्षिण, मसूदा, केकड़ी, ब्यावर, किशनगढ़, पुष्कर, नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र आते हैं। जबकि अजमेर संभाग में जयपुर जिले का दूदू, भीलवाड़ा, टोंक और नागौर के विधानसभा क्षेत्र भी आते हैं।
मुख्यमंत्री की घोषणा, राशि स्वीकृति के बावजूद कछुआ चाल
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दो वर्ष पूर्व अजमेर में 24 घंटे जलापूर्ति की घोषणा की थी। अजमेर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव से पूर्व करीब 90 लाख की स्वीकृति के बावजूद जलदाय विभाग के अफसरों ने इसको अंजाम तक नहीं पहुंचाया। है।
भ्रष्टाचार पर भाजपा को घेरेगी कांग्रेस
विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस भाजपा को भ्रष्टाचार के मु²ों पर घेरने की तैयार कर रही है। अजमेर नगर निगम में जेईईएन को रिश्वत लेते हुए एसीबी की ओर से रंगे हाथों दबोचने, भाजपा के पार्षद राजेन्द्र पंवार की लिप्तता पर आरोपी बनाने, ब्यावर की सभापति बबीता चौहान को डेढ़ लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडऩे से भाजपा की किरकिरी हुई है।
नागौर जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग में घोटाले एवं भ्रष्टाचार के मामलों पर कांग्रेस भाजपा को घेरने की तैयारी में है। वहीं बिजली को निजी कंपनी के हाथों में सौंपने के सरकार के फैसले की खिलाफत कर कांग्रेस जनता के मध्य जाएगी।
भाजपा इन मु²ों को भुना सकती हैअजमेर को स्मार्टसिटी, हेरिटेज सिटी, ह्रदय योजना के तहत करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को भाजपा अपनी उपलब्धि बताकर चुनाव में भुनाएगी।
अजमेर जिले में शुरू किए गए नए कॉलेज, जीएसएस, किसानों के 50 हजार रुपए तक ऋण माफी, सडक़ें, प्रस्तावित एलिवेटेड रोड, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना से निशुल्क इलाज, बालिकाओं को छात्रवृत्तियां, साइकिल, स्कूटी, लेपटॉप वितरण, स्कूल में दूध वितरण सीबीएसई की तर्ज पर विवेकानंद मॉडल स्कूल की स्थापना आदि कार्यों को भाजपा अपने पक्ष में भुनाएगी।
मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का मुद्दा सबसे अहम है। पानी, बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए आमजन परेशान है। जीएसटी, नोटबंदी ने व्यापार जगत और जनता को प्रभावित किया है। अजमेर में वैसे ही बड़े उद्योग-कारखाने नहीं है। युवाओं को त्वरित रोजगार नहीं मिल रहे हैं। इन चुनौतियों को देखते हुए सरकार की राह काफी मुश्किल हो सकती है।
डॉ.एम.एल. अग्रवाल कॉलेज शिक्षाविद्
स्मार्टसिटी एवं योजनाओं के नाम पर कागजों में कार्य हुए हैं, भ्रष्टाचार बढ़ा है। अजमेर के युवाओं को रोजगार नहीं मिला है। पूर्व सांसद सचिन पायलट ने एयरपोर्ट की नींव रखीं, मुख्यमंत्री ने लोकसभा उपचुनाव पूर्व आनन फानन में फीता काट दिया, लेकिन हालात यह है कि आज तक नियमित फ्लाइट शुरू नहीं हो पाई है। पायलट करोड़ों रुपए की स्लम फ्री सिटी का बजट लेकर आए मगर भाजपा ने योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया। सरकार का निकम्मापन है कि जनता ने जो जनादेश भाजपा को दिया उसका अपमान किया है।
विजय जैन, जिलाध्यक्ष शहर कांग्रेस
अजमेर में एलिवेटेड रोड का कार्य प्राथमिकता के साथ शुरू किया गया है। स्मार्टसिटी, हेरिटेज सिटी के तहत विकास कार्यों ने नए अध्याय लिखे हैं। रेलवे आरओबी से आमजन को राहत मिलेगी। सुभाष उद्यान का कायाकल्प हुआ है। नई चौपाटी, नगर उद्यान वन, आनासागर झील का सौन्दर्यीकरण, 5-5 करोड़ की दो सीएचसी, मॉडल स्कूल के साथ पेयजल आदि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य शुरू हुआ है। जिले में भी पेयजल, बिजली, सडक़ों के कई काम हुए है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे हर एक-दो माह में अजमेर आई हैं और अजमेर को कोई ना कोई सौगात देकर गई हैं।
अरविन्द यादव, जिलाध्यक्ष शहर भाजपा