ajmer news : भाजपा देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा ने कोटा में बच्चों की मौत को लेकर एक तरफ जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा को घेरा, वहीं उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की तारीफ की है।
अजमेर. भाजपा देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा (devishakar bhutra) ने कोटा में बच्चों की मौत को लेकर एक तरफ जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (ashok gehlot) और चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा (raghu sharma) को घेरा, वहीं उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की तारीफ की है। पदभार संभालने के बाद पहली बार पत्रिका से रू-ब-रू हुए भूतड़ा ने खास बातचीत में पायलट (pilot) को धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है।
सवाल : पंचायत चुनाव को लेकर क्या तैयारी है?
जवाब : भाजपा ने पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। पंचायत ही नहीं बल्कि वार्ड स्तर तक प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। कांग्रेस के एक साल के शासन में जनता की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी कोई काम नहीं हुए। घोषणा पत्र में शामिल वायदों को लेकर भी कांग्रेस की सरकार फेल रही है। यहां तक भाजपा के शासन में जो योजनाएं लाई गई, उन पर भी ब्रेक लगा दिया।
सवाल : लेकिन निकाय चुनाव में भाजपा मात खा गई?
जवाब : निकाय चुनाव कहीं ना कहीं सरकार से प्रभावित होते हैं। कांग्रेस सरकार ने येनकेन प्रकारेण चुनाव को जीतने की रणनीति बनाई। खरीद फरोख्त तक की व्यवस्था की गई और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव जीतने का प्रयास किया गया। इन सबके बावजूद कोई ज्यादा फर्क नहीं रहा। कांग्रेस को ३६ प्रतिशत वोट मिले और भाजपा को ३३ प्रतिशत वोट मिले हैं। एेसे में उन्होंने कोई बहुत बड़ा तीर नहीं मारा है।
सवाल : फिर पंचायत चुनाव में आप कैसे सफल होंगे?
जवाब : पंचायतराज चुनाव में भी कांग्रेस का पूरा प्रयास रहेगा कि यह चुनाव कैसे जीता जाए लेकिन इस बार हम उन्हें सफल नहीं होने देंगे। निकाय चुनाव में भी अगर ब्यावर को ही देखा जाए तो हमारी टक्कर कांग्रेस से नहीं बल्कि निर्दलीयों से थी। अभी तो सरकार की मंशा का ही पता नहीं चल पा रहा है। पंचायत चुनाव कार्यक्रम पूरा घोषित नहीं किया है। अभी तो सरकार पूरी तरह से डरी-सहमी हुई है। सरकार चुनाव टालना चाह रही है।
सवाल : ब्यावर नगर परिषद चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर भाजपा में नाराजगी सामने आई?
जवाब : इतने बड़े परिवार में छोटी-मोटी बातें होती रहती है। लेकिन हमनें मिलकर चुनाव लड़ा। उसी का नतीजा रहा कि ब्यावर में भाजपा की २९ सीटें मिली, शेष १५ निर्दलीय जीते उसमें से भी १० भाजपा समर्थित थे, जो फिर से पार्टी में शामिल हो गए और सभापति और उपसभापति चुनाव में हमें ३९-३९ वोट मिले।
सवाल : पंचायत चुनाव में किस तरह के मुद्दे रहेंगे?
स्थानीय मुद्दों को लेकर ग्रामीणों के बीच जाएंगे। हालांकि कुछ प्रदेश स्तरीय मुद्दे भी हैं। किसानों में त्राहिमाम त्राहिमाम मची है। उनका कर्जा माफी नहीं किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाला शिक्षत बेरोजगार भत्ते के लिए तरस रहा है। बिजली, पानी, चिकित्सा की हालात खराब है।
सवाल : कोटा में बच्चों की मौत के मामले में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की भी गलती बताई जा रही है?
जवाब : स्वयं उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट कह रहे हैं कि हम पूर्ववर्ती सरकार की गलती बता कर हमारी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकते। निश्चित रूप से पायलट ने सही कहा है, तेरह महीने से तो कांग्रेस की सरकार है। लेकिन सरकार पूरी तरह से संवेदनशील नहीं है। हां, उपमुख्यमंत्री ने जरूर संवेदनशीलता दिखाई है। इसके लिए मैं पायलट को धन्यवाद देता हूं, उन्होंने कम से कम यह स्वीकार तो किया कि हमें संवेदनशील होना चाहिए। चिकित्सा मंत्री अब सार्वजनिक निर्माण विभाग की गलती निकालकर पायलट पर निशाना साध रहे हैं। जबकि वे खुद दुबई चले गए थे, कई दिनों बाद कोटा पहुंचे हैं।