अजमेर सेंट्रल जेल में पॉक्सो के मामले में सजा काट रहे दो कैदियों में खूनी झड़प हो गई। आंख पर गर्म चाय फेंकने से एक कैदी की हालत गंभीर हो गई। घायल कैदी की आंख का जेएलएन अस्पताल में ऑपरेशन कराया गया।
अजमेर। सेंट्रल जेल में चाय को लेकर दो कैदियों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान एक कैदी ने दूसरे कैदी पर गर्म चाय फेंकने के साथ ही आंख पर स्टील के मग से हमला कर दिया। घायल कैदी की आंख का जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में ऑपरेशन करवाना पड़ा। इधर, सिविल लाइंस थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जेल प्रशासन ने आरोपी कैदी को जेल मैन्युअल के अनुसार दंडित किया है।
थाना प्रभारी शम्भूसिंह ने बताया कि अजमेर सेंट्रल जेल के सजायाफ्ता कैदी राजकुमार (47) ने 11 नवम्बर को शिकायत दी कि 6 नवम्बर को उसका अन्य कैदी रामदेव से दोबारा चाय मांगने की बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े में रामदेव ने उस पर गर्म चाय फेंकते हुए स्टील के मग से उसकी आंखों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे उसकी बायीं आंख जख्मी हो गई।
घायल राजकुमार को जेल डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार के बाद जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी आंख का ऑपरेशन हुआ। 11 नवम्बर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जेल प्रबंधन ने आरोपी कैदी रामदेव की बैरक बदल कर उसे जेल मैन्युअल के मुताबिक जेल दंड से दंडित किया। पीड़ित कैदी राजकुमार की शिकायत पर जेल प्रहरी गुमानाराम ने सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया।
राजकुमार ने रिपोर्ट में बताया कि 6 नवम्बर की सुबह चाय वितरण के दौरान आरोपी रामदेव ने दोबारा चाय मांगी, इस दौरान उसने कहा कि सभी को वितरित करने के बाद चाय बचेगी तो दोबारा मिलेगी। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान आवेश में आकर रामदेव ने उसकी बांईं आंख पर गर्म चाय फेंक दी। इसके साथ ही स्टील के मग से आंख पर तीन बार हमला किया। मौजूद ड्यूटी स्टाफ ने उसे बचाकर जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया। पीड़ित व आरोपी दोनों कैदी पॉक्सो के केस में सजा काट रहे हैं।
चाय की बात को लेकर दो कैदियों में हुआ विवाद झगड़े में तब्दील हो गया था। एक कैदी की आंख का जेएलएन अस्पताल में उपचार चल रहा है। आरोपी कैदी के खिलाफ पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया है। जेल प्रबंधन ने आरोपी को जेल दंड दिया है। -आर. अन्तेश्वरन, जेल अधीक्षक