अजमेर

शादी के 9 दिन बाद दुल्हन फरार, फिर दूल्हे को मिली चौंकाने वाली खबर

ब्याह कर आई दुल्हन 9 दिन में ससुराल से लाखों की ज्वैलरी, नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित युवक ने मामले में अलवर गेट थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है।
2 min read
• •
Updated: 3 Feb 2023, 3:05 PM IST
bride run away after 9 days marriage from ajmer

अजमेर। उत्तर प्रदेश इलाहबाद से ब्याह कर आई दुल्हन 9 दिन में ससुराल से लाखों की ज्वैलरी, नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित युवक ने मामले में अलवर गेट थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है। घटना से आहत हुए युवक के पिता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया है।

पुलिस के अनुसार धोलाभाटा पूजा मार्ग निवासी जितेन्द्र ने रिपोर्ट दी कि उसकी बुआ ने उसकी शादी के लिए पिता हनुमान प्रसाद को मदारगेट निवासी आशा जैन और निर्मल जैन से मिलवाया। उन्होंने शादी कराने के नाम पर 2 लाख रुपए की दलाली मांगी। आरोपितों ने यूपी इलाहबाद की अर्चना, निर्मला देवी, सीताराम और वीरेंद्र से मिलवाया। आरोपितों ने 2 लाख रुपए की मांग करते हुए युवती को अविवाहित बताकर उनको शादी का झांसा देते हुए जाल में फांस लिया।

गत वर्ष 9 जून 2022 को पुष्कर रोड स्थित समारोह स्थल में शादी हुई। इसके पिता हनुमान प्रसाद ने आशा जैन को शादी करवाने के लिए 2 लाख रुपए दिए। दुल्हन के घर पहुंचने पर ससुर व उसके पिता हनुमान प्रसाद ने अपनी बहू को 4 तोला सोने का हार, एक किलो चांदी की कनकती, आधा तोला सोने का मंगलसूत्र, आधा किलो चांदी की पायजेब दी।

दुल्हन के परिजन ने साधी चुप्पी
जितेन्द्र ने बताया कि शादी के बाद अर्चना का व्यवहार बदल गया। वह 18 जून सुबह वह काम से बाजार गया हुआ था। परिवार के लोग भी बाजार गए थे। घर में अकेली अर्चना सारे गहने व संदूक से 55 हजार रुपए लेकर फरार हो गई। वह घर लौटे तो अर्चना कहीं नजर नहीं आई। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। उसके माता-पिता से सम्पर्क किया तो उन्होंने चुप्पी साध ली।

बिचौलियों ने धमकाया
जितेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बिचौलिए आशा जैन व निर्मल जैन से सम्पर्क किया तो आरोपितों ने बताया कि अर्चना पहले से शादीशुदा है। आरोपितों ने उसे और उसके परिजन को धमकाया। आरोपितों ने अर्चना को लेकर आने के नाम पर 13 हजार रुपए ऐंठ लिए। इस घटना से पिता हनुमान प्रसाद की तबीयत भी बिगड़ गई। पीड़ित जितेन्द्र ने रिपोर्ट में अलवर गेट थाने के अनुसंधान अधिकारी पर आरोपितों से रुपए लेकर उन्हें बचाने के आरोप लगाया। पुलिस प्रकरण की पड़ताल में जुटी है।

Published on: