
Ajmer Minor Trafficking: अजमेर: नाबालिग के अपहरण और उसे बेचकर जबरन शादी कराने के मामले में जिला पुलिस व नगर निगम की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रशासनिक टीम ने मामले की मुख्य आरोपी अफसाना उर्फ बिजली और आफरीन उर्फ नूरजहां के अवैध मकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण जब मौके पर जेसीबी नहीं पहुंच सकी, तो निगम कर्मचारियों ने हथौड़ों की मदद से अवैध निर्माण को गिराया।
बता दें कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे टीम दरगाह संपर्क सड़क स्थित ताराशाह नगर पहुंची। वहां मुख्य आरोपी नूरजहां उर्फ आफरीन के पति की मौजूदगी में मकान का ताला तोड़कर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद दोपहर में लौंगिया क्षेत्र में पहाड़ी पर स्थित अफसाना उर्फ बिजली के अवैध मकान पर कार्रवाई शुरू हुई, जो देर शाम तक जारी रही।
राजस्थान पत्रिका ने सबसे पहले दोनों मुख्य आरोपियों के नई सड़क ताराशाह नगर स्थित अवैध व वास्तविक आशियानों का खुलासा किया था। आरोपियों ने पुलिस रिकॉर्ड में अपने निवास के गलत पते दर्ज कराकर जांच को भटकाने का प्रयास किया था। इसके बाद पुलिस ने नगर निगम के रिकॉर्ड से दस्तावेजों का मिलान कराया। लगभग एक महीने तक चली कानूनी और दस्तावेजी जांच के बाद सोमवार को यह कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस के अनुसार, करीब सात महीने पहले नाबालिग का अपहरण किया गया था। इसके बाद अफसाना उर्फ बिजली और आफरीन उर्फ नूरजहां ने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर बच्ची को सरदारशहर (चूरू) में 32 हजार रुपए में संजय उर्फ संजू गुर्जर को बेच दिया और उसकी जबरन शादी करवा दी।
बताते चलें कि पुलिस इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रशासन का कहना है कि अन्य आरोपियों की भी अवैध संपत्तियों की जांच की जा रही है और उन पर भी जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।