अजमेर

cbse: एग्जाम के बाद स्कूल तुरन्त लेंगे स्टूडेंट्स से फीडबैक

www.patrika.com/rajasthan-news
less than 1 minute read
• •
Updated: 26 Jan 2019, 7:20 AM IST
cbse exam feedback
cbse exam feedback

अजमेर.

सीबीएसई से सम्बद्ध स्कूल को विद्यार्थियों से परीक्षा के बाद 24 घंटे की अवधि में प्रश्न पत्रों का फीड बैक लेना होगा। इसमें शिकायतों के अलावा पेपर पैटर्न और अन्य बिंदू शामिल होंगे। बोर्ड इन्हें विशेषज्ञों के पास भेजकर जांच भी कराएगा।

सीबीएसई की बारहवीं की परीक्षा 15 और दसवीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होंगी। इस बार 29 लाख से ज्यादा विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। बोर्ड ने सभी स्कूल को प्रत्येक परीक्षा के बाद 24 घंटे की अवधि में विद्यार्थियों से फीडबैक लेने को कहा है। इसके तहत विद्यार्थी पेपर के आउट ऑफ कोर्स होने, स्तरहीन सवाल पूछने, भाषागत त्रुटियां, पेपर को ज्यादा बोझिल या सरल बनाने जैसी शिकायतें और सुझाव दे सकेंगे। स्कूल को विद्यार्थियों की शिकायतें/सुझाव को ई-मेल से भेजना होगा। बोर्ड इस फीडबैक को विशेषज्ञों के पास भेजकर जांच कराएगा।

ले सकेंगे विशेषज्ञों से सलाह
बोर्ड ने विद्यार्थियों की सहायता के लिए परीक्षा पूर्व परामर्श सेवा शुरू करने का फैसला भी किया है। परीक्षा की योजनाबद्ध तैयार सहित तनाव और दबाव को कम करने जैसे परामर्श देने के लिए विशेष सेवा प्रारंभ करेगा। विद्यार्थी मोबाइल, लैडलाइन अथवा टोल फ्री नम्बर पर विशेषज्ञों से सलाह ले सकेंगे। सीबीएसई ने कई स्कूल के प्राचार्यों, शिक्षकों, विशेषज्ञों और मनोविज्ञानियों को इससे जोड़ा है। इन्हें विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।

प्रवेश पत्र जल्द होंगे अपलोड

बोर्ड दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जल्द अपलोड करेगा। विद्यार्थी इन्हें पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे। इसमें विद्यार्थियों का नाम, माता-पिता का नाम, रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी होगी।

Published on: