अजमेर

Central University : सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी में छात्रा से बलात्कार का प्रयास

मामला दर्ज : छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह यूनिवर्सिटी कैम्पस में अकेली घूम रही थी, इसी दौरान तीन जने आए और उसका मुंह दबाकर जबरन परिसर में सूने क्षेत्र की तरफ ले जाने की कोशिश की
2 min read
• •
Updated: 30 Jul 2019, 2:49 AM IST
Central University : Rape attempt with a girl student at campus
Central University : सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी में छात्रा से बलात्कार का प्रयास

बांदरसिंदरी स्थित राजस्थान केन्द्रीय विश्वविद्यालय परिसर में छात्रा से छेड़छाड़ और बलात्कार के प्रयास का मामला सामने आया। छात्रा की रिपोर्ट पर बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बांदरसिंदरी थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि सेंट्रल यूनिवर्सिटी की छात्रा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह रविवार रात 8 बजे करीब कैम्पस में अकेली घूम रही थी। इसी दौरान तीन जने आए और उसका मुंह दबाकर जबरन परिसर में सूने क्षेत्र की तरफ ले जाने की कोशिश की।

इस दौरान उसने जैसे-तैसे शोर मचाया। इस पर तीनों जने मौका पाकर अंधेरे में भाग गए। छीना झपटी में छात्रा की टी-शर्ट भी फट गई। उसके शोर मचाने पर यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी और स्टाफ के सदस्य मौके पर पहुंचे।

उन्होंने उसे बेहोशी की हालत में किशनगढ़ के यज्ञनारायण चिकित्सालय पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। छात्रा ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि तीनों जने अचानक पीछे से आए और उसका मुंह बंद कर सूने स्थान पर ले जाने का प्रयास किया।

उसके चीखने पर तीनों भाग गए। पुलिस ने मौका-मुआयना किया है। छात्रा ने यूनिवर्सिटी में इसी साल प्रवेश लिया है।

विद्यार्थियों ने दिया धरना

वहीं यूनिवर्सिटी में घटना के बाद कई विद्यार्थी धरने पर बैठ गए। उन्होंने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रबंधन ने 9 सदस्यीय कमेटी गठित की। कमेटी जांच कर प्रबंधन को जल्द रिपोर्ट सौंपेगी। इसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया।

पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। तत्काल जांच कमेटी भी गठित कर दी है। छात्रा के परिवार के सदस्यों से बातचीत हुई है। प्रकरण में कोई भी लिप्त हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ए. के. पुजारी, कुलपति, राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, बांदरसिंदरी

Published on: