अजमेर

CM भजनलाल शर्मा कल आएंगे अजमेर, रोड शो के साथ कार्यकर्ताओं को देंगे निकाय चुनाव में जीत का मंत्र

Bhajanlal Sharma Ajmer visit: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को अजमेर आएंगे। वह रोड शो के अलावा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसको लेकर प्रशासन और भाजपा के स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है।
2 min read
Sep 05, 2026
CM Bhajanlal announcement Strict action against committing crimes against SC and ST
CM Bhajan Lal Sharma - File PIC

अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को अजमेर आएंगे। वह रोड शो के अलावा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसको लेकर प्रशासन और भाजपा के स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रोड शो करेंगे। इसके बाद वह भाजपा पदाधिकारियों, चुनाव संचालन समिति, कोर कमेटी एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव में जीत का मंत्र देंगे। फिलहाल, सीएम भजनलाल शर्मा के रोड शो का मार्ग तय नहीं किया, लेकिन भाजपा नेता जोरशोर से तैयारियों में जुटे हुए है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भाजपा पदाधिकारियों एवं चुनाव संचालन समिति की बैठक हुई। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना, अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, संभाग चुनाव सह प्रभारी विष्णु चेनानी, चुनाव संयोजक अरविंद यादव, एमएलसी राजीव पोद्दार राजेश शर्मा, राजेश घाटे, संपत सांखला, विक्रम सिंह, प्रवीण जैन, भवानी जेड़िया मौजूद रहे। सामाजिक संस्थान, व्यापारिक संगठन मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे।

कोर कमेटी बना रही संकल्प पत्र

भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि कोर कमेटी और चुनाव संयोजक अरविंद यादव के नेतृत्व में अजमेर के विकास को लेकर संकल्प पत्र तैयार किया जा रहा है। इसके लिए आमजन, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न वर्गों से सुझाव लिए गए हैं। इनमें स्वच्छता, यातायात, जल व्यवस्था, सड़क, पार्किंग, पार्कों के विकास, शहर के सौंदर्यीकरण, पर्यटन सहित अन्य विषय शामिल हैं।

मदन सिंह राठौड़ आज लेंगे कार्यकर्ताओं की बैठक

पुष्कर के माहेश्वरी भवन में शनिवार 5 सितंबर को प्रातः 11.30 बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत एक अवश्यक बैठक लेंगे। बैठक में पार्टी प्रत्याक्षी, वार्ड प्रभारी गण, मंडल पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एव चुनाव की प्रबन्ध समिति के सदस्य आमंत्रित किये गये है। नगर निकायों के चुनाव को लेकर बैठक में कार्यक्रताओ, पदाधिकारी एवं पार्षद प्रत्याशियों के साथ चर्चा का निर्देश दिए जाएंगे।

निर्दलीय प्रत्याशियों ने बढ़ाई सियासी धड़कन

अजमेर नगर निकाय चुनाव मैदान में डटे कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने सियासी धड़कन बढ़ा दी है। कहीं आमने-सामने तो कहीं त्रिकोणीय मुकाबला है। कई वार्ड में चार से पांच निर्दलीय मैदान में है। इससे राजनीतिक पार्टियों के अंदरखाने भी हलचल तेज है। वार्ड 2 से निर्दलीय प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह, वार्ड 8 से पूर्व पार्षद कुंदन वैष्णव, वार्ड 74 से पूर्व पार्षद रूबी जैन, वार्ड 7 से पूर्व पार्षद मोहम्मद शाकिर चुनाव में उतरे है। इसी तरह वार्ड 16 से पूर्व पार्षद हेमलता बंसल, वार्ड 17 से पूर्व पार्षद हितेश्वरी टाक, वार्ड 80 से पूर्व पार्षद धर्मेंद्र सिंह चौहान, वार्ड 27 से पूर्व पार्षद श्रवण कुमार ने ताल ठोकी है।

वार्ड 36 से पूर्व पार्षद घीसूलाल गढ़वाल चुनाव मैदान में है। इनमें कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा-कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर ताल ठोकी है। चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से चुनावी रंगत बढ़ गई है। निर्वाचन विभाग के तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार प्रचार-प्रसार के लिए ज्यादा वक्त नहीं है। मतदान के लिए छह दिन बचे है। इसको देखते हुए वह मतदाताओं से डोर-टू-डोर संपर्क में जुटे हैं।