अजमेर

भादौ का राग मल्हार….कभी तेज बरसात तो कभी भिगोया बौछारों ने

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Sep 23, 2018
rain shavers in ajmer
rain shavers in ajmer

अजमेर.

भादौ में रविवार को सावन सी झड़ी लगी रही। कभी तेज बरसात तो कभी बौछारों ने शहर को भिगोया। कई जगह सडक़ों पर पानी भरा नजर आया। बादल छाने और लगातार बारिश से मौसम में ठंडक रही। शनिवार को तरबतर करने वाली घटाओं ने रविवार को भी बौछारें छोडऩा जारी रखा। कहीं तेज बरसात तो कहीं फुहारें पड़ी। कई क्षेत्रों में सडक़ों-नालों में पानी बहता रहा।

अल सुबह से हल्की टपका-टपकी का दौर चला। वैशाली नगर, शांतिपुरा, आनसागर लिंक रोड और आसपास के इलाकों में सुबह 6.30 बजे से बारिश का दौर शुरू हो गया। बरसात ने कई बार भिगोया। इसी तरह कायड़, लोहागल रोड, घूघरा घाटी, जयपुर रोड, सिविल लाइंस सहित अन्य इलाकों में भी बरसात हुई। शाम तक कभी तेज तो कभी हल्की फुहारों का दौर चला।

सडक़ों पर भरा पानी

शनिवार रात और रविवार को हुई बरसात से कई जगह सडक़ों पर पानी भरा नजर आया। जयपुर रोड पर भूणाबाय, राजस्थान लोक सेवा आयोग, पुलिस लाइन, सिविल लाइन्स रोड पर पानी हिलारें मारता रहा। फायसागर रोड, माकड़वाली रोड, लोहागल, सावित्री चौराहा, बजरंगगढ़ और अन्य इलाकों में भी कई जगह सडक़ों के किनारे पानी भरा रहा। मौसम विभाग ने साम 5.30 बजे तक 14.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की।

कहां कितनी बारिश (मिमी में)

अजमेर 15 (317), श्रीनगर 2 (142), , गेगल 16 (187), पुष्कर 20 (432), गोविन्दगढ़ 15 (229), बूढ़ा पुष्कर ...(157), नसीराबाद 26 (369), पीसांगन 13 (469.1), मांगलियावास 16 ( 360.4), किशनगढ़ 27 (339), बांदरसिदरी... (102), रूपनगढ़ 16 (306), अरांई ... (561), ब्यावर 5 (615), जवाजा 4 (461), टॉडगढ़ 1 (222.5), सरवाड़ 23 (515), गोयला 10 (436), केकड़ी 6 (395.9), सावर 11 (247.3), भिनाय 15 (452), मसूदा 15 (265.5), बिजयनगर 35 (431), नारायणसागर ... (425)

मौसम में बढ़ी ठंडक

लगातार दो दिन बरसात के चलते मौसम में ठंडापन बढ़ गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम 23.2 डिग्री रहा। दो दिन में अधिकतम पारे में 8.8 डिग्री की गिरावट हो चुकी है। घनघोर घटाओं और बारिश के चलते कई वाहन चालकों को लाइट जलानी पड़ी। घरों में भी पंखे और एसी बंद करने पड़े। मालूम हो तेज धूप और गर्मी के चलते 21 सितम्बर तक पारा 34 से 36 डिग्री के बीच पहुंच गया था।

Published on:
23 Sept 2018 05:59 pm