अजमेर

अजमेर: री-फर्बिश्ड मोबाइल को नया बताकर बेचने का खेल, दो जगह दबिश; बड़ी संख्या में माल बरामद

Ajmer News: अजमेर शहर में पुराने और री-फर्बिश्ड मोबाइल को ब्रांडेड कम्पनी का नया फोन बताकर बाजार में खपाने का मामला सामने आया है।
2 min read
Aug 26, 2026
fake apple phone
अजमेर में एक मकान में पकड़े गए रिर्फर्बिश्ड फोन की कारवाही करती कोतवाली थाना पुलिस ।

अजमेर। राजस्थान के अजमेर शहर में पुराने और री-फर्बिश्ड मोबाइल को ब्रांडेड कम्पनी का नया फोन बताकर बाजार में खपाने का मामला सामने आया है । कम्पनी के प्रतिनिधियों की शिकायत पर कोतवाली और क्लॉक टावर थाना पुलिस ने दो अलग - अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में ब्रांडेड कम्पनी के नाम वाली किट, स्टीकर, चार्जर केबल व अडप्टर बरामद किए । आरोप है कि पुराने मोबाइल की बैटरी, स्पीकर, माइक, बाहरी बॉडी व स्क्रीन बदलकर उन्हें फर्जी पैकिंग में नया बताकर बेचा जा रहा था । दोनों मामलों में पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।

केस-1 : सुन्दर विलास में फर्जी एजेंसी पर कार्रवाई

कोतवाली थानाप्रभारी रामेश्वरी देवी के नेतृत्व में शहर के पर स्थिति जयपुर रोड सुन्दर विलास मेहरा बिल्डिंग में भरत नामक युवक की कथित फर्जी एजेंसी पर दबिश दी गई ।

Photo- Patrika

कम्पनी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में बड़ी संख्या में री - फर्बिश्ड मोबाइल, नए फोन की तरह की नकली पैकिंग के लिए रखे किट और स्टीकर के अलावा चार्जर केबल व अडप्टर बरामद किए ।

दिल्ली से आए कम्पनी प्रतिनिधि मोहम्मद अराफात, स्थानीय प्रतिनिधि पवन पारसर और पुलिस टीम की मौजूदगी में करीब चार घंटे तक कार्रवाई चली । देर रात तक पुलिस जब्त सामान की गिनती और दस्तावेजी कार्रवाई में जुटी रही ।

Photo- Patrika

केस-2 : पड़ाव में दुकान बंद कर भागा, लौटने पर हुई तलाशी

दूसरी कार्रवाई अजमेर शहर के क्लॉक टावर थानाप्रभारी भीखाराम काला के नेतृत्व में पड़ाव स्थित अग्रवाल धर्मशाला में की । पुलिस पहुंची तो दुकान पर ताला लगा था । पुलिस के काफी प्रयास के बाद बाबू देर शाम लौटा और ताला खोलने पर सर्च ऑपरेशन किया ।

तलाशी में यहां भी ब्रांडेड कम्पनी के नाम वाले बड़ी संख्या में किट, स्टीकर, चार्जर केबल व अडप्टर मिले । कम्पनी प्रतिनिधि वकील निश्चय जैन की रिपोर्ट पर संचालक बाबू के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट में प्रकरण दर्ज किया ।

Photo- Patrika

पुलिस जब्त सामग्री की गिनती, उसके स्रोत व दोनों स्थानों से जुड़े मोबाइल बिक्री नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है । जांच में यह सामने आएगा कि कथित तौर पर तैयार किए मोबाइल कितने ग्राहकों तक पहुंच भी चुके हैं ? इनके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है ?

Updated on:
26 Aug 2026 02:19 pm
Published on:
26 Aug 2026 02:14 pm