
जयपुर/ अजमेर
सांगानेर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बैंकॉक से आने वाली थाई स्माइल फ्लाइट से उतरे यात्रियों से एक किलो 600 ग्राम सोना पकड़ा। विभाग ने इस मामले में गुजरात निवासी चार यात्रियों को हिरासत में लिया है। ये यात्री सोने के कड़े, चेन और घड़ी के रूप में सोना लेकर आए थे।
कस्टम की टीम ने तड़के एयरपोर्ट पर पहले दो यात्रियों को 580 ग्राम सोने के कड़े और चेन के साथ पकड़ा। दोनों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने दो और साथियों की जानकारी दी। ये दोनों यात्री जयपुर एयरपोर्ट से निकलकर आगरा फोर्ट-अहमदाबाद ट्रेन से रवाना हो चुके थे।
कस्टम विभाग हरकत में आया तब तक ट्रेन अजमेर पहुंच चुकी थी। कस्टम विभाग की सूचना पर अजमेर राजकीय रेलवे पुलिस ने उन्हें कोच से दबोचा। उनके पास एक किलो से ज्यादा सोना था। जीआरपी की सूचना पर पहुंची कस्टम टीम दोनों यात्रियों को रेलवे स्टेशन से सीधे जयपुर ले गई।
उप निरीक्षक महेशचन्द जोशी ने बताया कि कस्टम विभाग जयपुर की सूचना पर पकड़े गए युवकों से सोने की तीन चेन, दो कड़े व तीन घडिय़ां बरामद की, जिसमें करीब डेढ़ किलो सोना था। जब्त सोने के आभूषण कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिए। मामले में कस्टम विभाग कार्रवाई कर रहा है।
चाहे करो मुकदमे दर्ज हम नहीं करते परवाह
राज्य के कॉलेज और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की जंग शुरू होने वाली है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए 31 अगस्त को मतदान होगा। मतदाता सूची बनाने, चस्पा करने और नामांकन का काम 23 से 27 अगस्त के बीच होगा। जबकि मतगणना 11 सितम्बर को होगी।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय, दयानंद कॉलेज, संस्कृत कॉलेज, श्रमजीवी कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय सहित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव होंगे। सोफिया कॉलेज में सिर्फ हैड गर्ल का चुनाव होगा। छात्रसंघ चुनाव के दौरान लिंगदोह समिति की सिफारिशों पर खास नजरें रहेंगी। सरकार ने सभी संस्थाओं को पत्र भिजवा दिया है।