अजमेर

Deepotsav : इस दीपावली रोशनी भी इंडियन

दीपोत्सव में रंगीन रोशनी से सजेंगे घर-प्रतिष्ठान, दुकानदारों ने नहीं मंगवाया चाइनीज सामान
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2019, 10:13 PM IST
Deepotsav : इस दीपावली रोशनी भी इंडियन
Deepotsav : इस दीपावली रोशनी भी इंडियन

दिनेश कुमार शर्मा

अजमेर.

रोशनी के पर्व दीपावली पर इस साल शहर में घर और प्रतिष्ठान भी 'इंडियनÓ रोशनी से सजे नजर आएंगे। इसका कारण इस बार बाजार में रोशनी का सजावटी सामान भारतीय लाने को ही तवज्जो देना है। शहर के अधिकांश दुकानदारों ने इस बार चाइनीज सामान से तौबा कर ली है। ऐसे में शहर की ज्यादातर दुकानें भारतीय सजावटी सामान से ही दमक रही हैं।

पुरानी मंडी, कवंड्सपुरा, मदार गेट, वैशाली नगर समेत अन्य प्रमुख बाजारों में घर और प्रतिष्ठान सजाने के लिए रंगीन लाइट दुकानों पर नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि इस बार इन पर चाइनीज सामान नहीं दिखाई दे रहा है। दुकानदारों का कहना है कि चाइनीज सामान खरीदने से लोग बचने लगे हैं।

ऐसे में यह माल मंगवाना घाटे का सौदा साबित हो रहा है। इसीलिए इस साल भारतीय सामान का ही स्टॉक मंगवाया गया है, क्योंकि ग्राहक भी खरीदारी से पहले चाइनीज सामान तो नहीं है पूछने लगा है। इसलिए भले ही कम मुनाफा मिले, लेकिन सामान जल्दी बिकने की गारंटी बनी रहती है।

इनसे रोशन होंगे घर-आंगन

दुकानों पर रंग-बिरंगी लडिय़ों, रोप लाइट, पल्कर लैम्प, कलरफुल फ्लावर समेत स्टिप लाइट के ढेरों डिजाइन उपलब्ध हैं। इनके कलर भी अलग-अलग हैं। साथ ही यह बल्ब और एलईडी दोनों में मिल रहे हैं।

लुभा रही बड़ा भीम की लडिय़ां

बाजार में जहां कई रंग और डिजाइन में लडिय़ां बिक रही हैं, वहीं मोटे तारों और अधिक रोशनी वाली बड़ा भीम की लड़ी भी ग्राहकों को लुभा रही है। यह 100, 200 समेत 400 बल्बों में भी उपलब्ध है।

बिक्री के बस तीन दिन

स्टेशन रोड के सामने शिवाजी पार्क के पास दुकानदार हरजीत सिंह ने बताया कि अब बिक्री त्योहार पर बस तीन दिन की रह गई है। इसका कारण लोगों के पास समय का अभाव होना है। वहीं इस साल अभी बिक्री अभी मंदी है, क्योंकि महीने का अंत चल रहा है और लोगों की तनख्वाह आने में अभी समय है।

इसके अलावा कई विभागों में बोनस वितरण भी नहीं हुआ है। फिर भी धनतेरस से बाजार में अच्छी धनवर्षा होने की संभावना है।

Published on: