अजमेर

Dussehra Festival : रेनकोट पहनकर 65 फीट का रावण जलेगा आज

कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले 45-45 फीट के पटेल मैदान में आज होगा पुतलों का दहन
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2019, 11:18 AM IST
Dussehra Festival : पटेल मैदान में 65 फीट का जलेगा रावण आज
Dussehra Festival : पटेल मैदान में 65 फीट का जलेगा रावण आज

अजमेर. पटेल मैदान में दशहरा महोत्सव के तहत मंगलवार को रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। पुतलों का दहन मंगलवार शाम 6.30 बजे होगा। इसमें रावण का पुतला 65, कुंभकर्ण और मेघनाद के 45-45 फीट के पुतलों का दहन किया जाएगा। पुतलों को बारिश और ओस से बचाने के लिए पॉलीथिन से कुछ हिस्से को ढका गया है।

नगर निगम के दशहरा महोत्सव के मेला अधिकारी गजेन्द्र सिंह रलावता ने बताया कि अग्रवाल पंचायत घसेटी बड़ा धड़ा की ओर से घसेटी बाजार स्थित रघुनाथ मंदिर से पटेल मैदान पहुंचने वाली भगवान राम की सवारी का स्वागत किया जाएगा। रावण का पुतला पलक झपकाएगा, तलवार चलाएगा, आंखे टिमटिमाएगा और मुंह से अंगारे बरसाएगा। इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी। पटेल मैदान में आमजन की सुविधा के लिए 3 प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई है। शहरवासियों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

दशानन को बचाया इन्द्रदेव के प्रकोप से
बारिश से भीगने से बचाने को पॉलीथिन से ढंकालंकापति रावण ने भले ही युद्धक्षेत्र में राम और वानरसेना के पसीने छुड़ा दिए थे, लेकिन सोमवार को इंद्रदेव ने बूंदों के बाण चलाकर दशानन को पानी-पानी कर दिया। पटेल मैदान में दशहरा महोत्सव के तहत पुतलों को खड़ा करने का कार्य रविवार को शुरू हो गया था। सोमवार सुबह तेज बारिश होने से रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भीग गए। इसके कारण कई जगह दरारें भी दिखने लग गईं। दोपहर में फिर से घनघोर घटा छाने से नगर निगम के अधिकारियों एवं पुतलों को बनाने वाले कारीगरों के मांथे पर चिंता की लकीरें पड़ गईं। उन्होंने तुरंत नगर निगम की लाइटें दुरुस्त करने वाली क्रेन को मंगवाया। वहां पर नगर निगम के एईएन लक्ष्मीनारायण, स्वास्थ्य अधिकारी रूपाराम चौधरी की मौजूदगी में पुतलों को पॉलीथिन से कुछ हिस्से को ढका दिया। पुतलों पर जहां-जहां पटाखे और लड़ी लगाए गए हैं उन्हें भी पॉलीथिन से ढका गया। हालांकि पुतलों को ढकने में काफी परेशानी भी हुई और वह पूरे ढके भी नहीं जा सके।

Updated on:
8 Oct 2019, 11:18 AM IST
Published on: