अजमेर

आइसोलेशन वार्ड : ड्यूटी नर्सेज, न मरीजों को मिल रहा अच्छी गुणवत्ता का खाना

नर्सिंगकर्मियों की अस्पताल प्रशासन से वार्ता, दोनों कर रहे शिकायत
2 min read
Apr 25, 2020
आइसोलेशन वार्ड : ड्यूटी नर्सेज, न मरीजों को मिल रहा अच्छी गुणवत्ता का खाना
आइसोलेशन वार्ड : ड्यूटी नर्सेज, न मरीजों को मिल रहा अच्छी गुणवत्ता का खाना

अजमेर. जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी देने वाले नर्सिंगकर्मियों को समय पर खाना नहीं मिलने एवं निम्न गुणवत्ता का खाना मिलने की शिकायत की है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल जैन एवं अति. प्रिंसीपल डॉ. एस.के. भास्कर से नर्सिंगकर्मियों के शिष्टमंडल ने शुक्रवार को वार्ता कर समस्याओं के समाधान की मांग की। नर्सिंगकर्मी राजेश मीणा, पवन मीणा के नेतृत्व में सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखते हुए अस्पताल प्रशासन से वार्ता की गई।

प्रदेश उपाध्यक्ष इंसाफ खान ने बताया कि मॉर्निंग का खाना 4 बजे बाद आता है, इवनिंग ड्यूटी का खाना रात्रि 10 बजे तक नहीं आता है। नर्सेज की ड्यूटी का भी कोई शिड्यूल नहीं है। गाइड लाइन के अनुसार क्वारंटाइन भी नहीं दिया जा रहा है। मीणा के अनुसार अधीक्षक जैन ने बताया कि किचन में पर्याप्त स्टाफ नहीं है, इसका जल्द समाधान करेंगे। उन्होंने क्वारंटाइन भी नियमानुसार करने का आश्वासन दिया। धर्मराज मीणा, नरेश चौधरी, महबूब खान, बतीलाल मीणा, गजेन्द्र, किशोर, जितेन्द्र, इरफ ान आदि मौजूद रहे। कोविड 19 के आइसोलेशन वार्ड में कोरोना पॉजिटिव एवं संदिग्ध मरीजों को जो खाना मिल रहा है उससे मरीज भी संतुष्ट नहीं है। मरीजों ने शिकायतें भी की है। दो दिन पूर्व पानी मांगने के बावजूद उपलब्ध नहीं करवाने की मांग पर मरीज भड़क गए। इसके बाद पुलिस एवं क्षेत्रीय विधायक वासुदेव देवनानी ने भी हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। वहीं कुछ मरीज पत्तल में दाल-रोटी दिखाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल करने से नहीं चूक रहे हैं।

वहीं शुक्रवार को नर्सिंगकर्मियों ने भी आइसोलेशन वार्ड में गुणवत्ता का खाना उपलब्ध कराने व समय पर खाना नहीं आने की शिकायत मेडिकल कॉलेज/अस्पताल प्रशासन से की है। यही नहीं खाने को लेकर क्वारंटाइन सेन्टर से भी शिकायतें मिलती रही है। पूर्व में जयपुर रोड स्थित एक होटल में बनाए क्वारंटाइन सेन्टर में भी दिनभर में दो रोटी व दाल मिलने की शिकायत की गई।

Published on:
25 Apr 2020 07:06 pm