अजमेर

एग्जाम सीजन….शुरु हुए एमडीएस यूनिवर्सिटी के प्रेक्टिकल

www.patrika.com/rajasthan-news
less than 1 minute read
• •
Updated: 1 Feb 2019, 9:22 AM IST
mds university practical exam
mds university practical exam

अजमेर.

महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय की सत्र 2018-19 की प्रायोगिक परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गई। इसमें नियमित और स्वंयपाठी विद्यार्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय ने कॉलेज को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षाएं करीब 15 दिन तक चलेंगी।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुब्रतो दत्ता के मुताबिक स्नातक एवं स्नातकोत्तर के नियमित/स्वयंपाठी और पूर्व विद्यार्थियों ने 2019 की मुख्य परीक्षा के लिए फार्म भरे हैं। इन विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा संबंधित कॉलेज में 1 फरवरी से शुरू हो गई हैं। विद्यार्थियों ने जिन कॉलेज में अपना परीक्षा फार्म जमा कराया है, उन्हें प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होने के लिए संबंधित कॉलेज प्राचार्य से संपर्क करना होगा। स्वयंपाठी विद्यार्थियों के लिए कोई पृथक सूचना जारी नहीं की जाएगी।

कॉलेज को निर्देश
विश्वविद्यालय ने प्रायोगिक परीक्षा को लेकर सभी कॉलेज को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। कॉलेज को परीक्षाओं के दौरान वांछित उपकरणों की व्यवस्था करनी होगी। विद्यार्थियों से कोई सुविधा शुल्क लेने, परीक्षकों के लिए गिफ्ट लेने अथवा दबाव बनाने, प्रायोगिक परीक्षा में गड़बड़ी पर संबंधित कॉलेज के खिलाफ कार्रवाई होगी। ऐसे कॉलेज को डिबार किया जाएगा।

मुख्य परीक्षाओं पर नजरें

विश्वविद्यालय पिछले 15 साल से प्रथम वर्ष के नॉन कॉलेजिएट विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं फरवरी के पहले पखवाड़े में शुरू करता रहा है। इसके बाद फरवरी अंत या मार्च में प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के नियमित विद्यार्थियों की परीक्षाएं प्रारंभ होती हैं। इस बार कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह के कामकाज पर रोक लगने से विश्वविद्यालय की दिक्कतें बढ़ गई हैं। कुलाधिपति की मंजूरी के बाद विश्वविद्यालय मुख्य परीक्षाओं के टाइम टेबल जारी करेगा।

Published on: